‘मेरा भाई वकील है और मैं तुम सब को देख लूंगा’। यह धमकी बाइक सवार एक युवक ने दिल्ली ट्रैफिक पुलिस को दी। धमकी से खफा पुलिसकर्मियों ने युवक की बाइक ही जब्त कर ली। इतना ही नहीं पुलिस ने इस धमकी को चालान पर लिखकर कोर्ट भेज दिया है।
यह घटना दिल्ली के दरियागंज इलाके में बुधवार को सुबह करीब 10 बजे घटी। दरियागंज सर्किल में ट्रैफिक पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात थे। इस बीच एक युवक बाइक पर बिना हेलमेट के तेज रफ्तार में आता दिखा तो ट्रैफिक पुलिस ने उसे रोक लिया। बिना हेलमेट पकड़े गए युवक के पास बाइक के कागजात भी नहीं थे।
चालान करने की बात पर युवक ने ट्रैफिक पुलिस को धमकी दी कि ‘मेरा भाई वकील है और तुम लोगों (पुलिस) को अभी पीटा था, अगर मेरा चालान काटा तो मैं तुम सब को देख लूंगा’। इस धमकी को सुनते ही पुलिस ने बाइक का चालान कर दिया। इस बीच दोनों पक्षों के बीच में थोड़ी कहासुनी भी हुई। लेकिन इससे पहले की स्थिति शांत होती उससे पहले ही ट्रैफिक ने युवक की बाइक को यातायात नियम उल्लंघन के तहत जब्त कर लिया।
इस धमकी से गुस्साए पुलिस कर्मियों ने युवक की इस धमकी को चालान में भी लिख दिया और इस चालान को विशेष रूप से तीस हजारी कोर्ट में महानगर दंडाधिकारी पंकज अरोड़ा की कोर्ट में भेज दिया।