अगर किसी शिशु को यूरिन धीरे-धीरे हो रहा है तो उसकी किडनी को खतरा हो सकता है। कई बार गर्भ में भी शिशु के साथ यह समस्या देखने को मिलती है। इसकी वजह से जच्चा-बच्चा दोनों को मौत का खतरा हो सकता है। कुछ दिन पहले एम्स के डॉक्टरों ने ऐसे ही एक मामले में तत्परता दिखाते हुए जच्चा-बच्चा की जिंदगी बचाई है।
एम्स से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले एक गर्भवती महिला एम्स पहुंची थी। उसे पेट में तेज दर्द के साथ और भी कई तरह की परेशानियां थीं। जांच में पता चला कि गर्भ में मौजूद शिशु का ब्लैडर फट गया है। इस कारण शिशु के शरीर में काफी यूरिन फैल गया। लेकिन एम्स के डॉक्टरों ने सूझबूझ के साथ प्रसूति कराई। बाद में शिशु के शरीर से यूरिन को निकाला।
बताया जा रहा है कि महिला को करीब 31वें सप्ताह का गर्भ था। बाल सर्जरी विभाग के एक डॉक्टर का कहना है कि इस तरह की संभावना बेहद कम होती है, लेकिन जांच अगर ठीक हो तो समय रहते जान बचाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि यूरिन में गड़बड़ी होने से किडनी फेल तक हो सकती है। हालांकि महिला की पहचान को डॉक्टरों ने फिलहाल गोपनीय रखा है। ऑपरेशन के बाद शिशु को वेंटीलेटर की मदद से संजीवनी देने का प्रयास किया गया, जिसमें एम्स के डॉक्टर सफल रहे। फिलहाल जच्चा-बच्चा दोनों ही स्वस्थ बताए जा रहे हैं।