करावल नगर इलाके में शनिवार को डीयू की छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका की शिनाख्त रश्मि (21) के रूप में हुई है। छात्रा का शव उसके दोस्त आकाश के घर में फंदे से लटका मिला। मृतका के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
परिजनों ने आकाश व उसके परिवार पर रश्मि की हत्या का आरोप लगाया है, जबकि आकाश व उसके परिजन छात्रा द्वारा आत्महत्या की बात कह रहे हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस आकाश व उसके परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से हिंडालको कॉलोनी, रेणुकूट, सोनभद्र (यूपी) की रहने वाली रश्मि दिल्ली के विवेक विहार स्थित विवेकानंद महिला कॉलेज में बीएससी मैथ्स ऑनर्स दूसरे वर्ष की छात्रा थी।