इलेक्ट्रिक बसों से सफर होगा आसान, लंबी दूरी के लिए डीजल-सीएनजी बसों की तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने की दिशा में दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने 15 अंतरराज्यीय रूटों पर बस सेवाओं का विस्तार किया है। इन रूटों पर फिलहाल 56 से अधिक बसें संचालित हो रही हैं, जिससे यात्रियों को किफायती और सुविधाजनक विकल्प मिल रहा है। अब डीटीसी हरियाणा के प्रमुख शहर पलवल को भी सीधे दिल्ली से जोड़ने की तैयारी में हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इस रूट पर जल्द ही बस सेवा शुरू की जाएगी और खास बात यह होगी कि यहां इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। इससे न केवल प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि यात्रियों को शांत और आरामदायक सफर का अनुभव भी मिलेगा। पलवल से दिल्ली आने-जाने वाले नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और छात्रों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। वर्तमान में नरेला-बहादुरगढ़, करोल बाग-गुड़गांव, कश्मीरी गेट-पानीपत, आनंद विहार-गुड़गांव और दिल्ली-सोनीपत समेत कई अहम रूटों पर बसें चल रही हैं।
अधिकतर रूटों पर सुबह और शाम के समय फेरे बढ़ाए गए हैं, ताकि ऑफिस टाइम में यात्रियों को सुविधा मिल सके। डीटीसी की की योजना केवल नजदीकी शहरों तक सीमित नहीं है। निगम अब 200 किलोमीटर से अधिक लंबी दूरी के रूटों पर भी सेवाएं शुरू करने की तैयारी में है। चूंकि इलेक्ट्रिक बसों की रेंज सीमित होती है, इसलिए लंबे रूटों के लिए डीजल और सीएनजी बसें खरीदी जाएंगी। इस दिशा में टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू हो सकती है।