दिल्ली-एनसीआर में दो दिन से पड़ रही गरमी के बाद सोमवार शाम को हुई बारिश से मौसम का मिजाज बदल दिया है। दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश के साथ ही ठंडी हवाएं भी चल रही हैं जिसने मौसम खुशनुमा बना दिया है।
गुरुग्राम में बारिश के कारण एक्सप्रेसवे और सोहना रोड पर थमी वाहनों की रफ्तार
गुरुग्राम में सुबह यातायात दबाव, एक्सप्रेसवे पर गाड़ी खराब होने और सड़क निर्माण के कारण वाहनों के पहिये थम गए। वहीं, शाम के वक्त बारिश होने से वाहनों की चाल धीमी हो गई। एक्सप्रेसवे और सोहना रोड पर वाहन चालकों को करीब 4 किलोमीटर तक धीरे-धीरे चलने को विवश होना पड़ा। शहर में दोपहर तक स्थिति संभली, लेकिन शाम को बारिश के कारण एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव बढ़ने लगा और काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही।
शहर में सोमवार सुबह सोहना रोड पर वाहनों का दबाव अधिक रहा। इसके कारण सुभाष चौक पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। बादशाहपुर चौक से सुभाष चौक तक करीब 4 किलोमीटर तक वाहनों को रेंगने को मजबूर होना पड़ा। यातायात निरीक्षक (पूर्वी-3) ने बताया कि सप्ताह का पहला कार्यदिवस होने के कारण यहां यातायात का दबाव अचानक बढ़ गया था जिसके कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।
समय रहते यातायात व्यवस्था को संभाल लिया गया। उधर मेदांता अस्पताल के पास सड़क निर्माण कार्य के कारण बख्तावर चौक तक जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। वाहनों को रेंगने को विवश होना पड़ा। यहां सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों के कारण दिक्कत बढ़ गई। करीब एक घंटे तक चले सड़क निर्माण कार्य के कारण वाहन चालकों को रेंगना पड़ा। दोपहर को इफ्को चौक फ्लाईओवर पर दिल्ली से जयपुर जा रही निजी बस बीच रास्ते में खराब हो गई।
इसके कारण एक्सप्रेसवे पर वाहनों के पहिये थम गए। बस खराब होने के कारण करीब 1 किलोमीटर तक वाहनों को रेंगना पड़ा। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और खराब बस को बीच रास्ते से हटवाया। करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद यातायात व्यवस्था सुचारू हो गई। देर शाम शहर में हुई बारिश के कारण एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ने लगी। एक्सप्रेसवे पर फ्लाईओवर और फुटओवर ब्रिज के नीचे खड़े होकर बाइक सवार बारिश से बचने का प्रयास करते रहे जिसके कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। वहीं दिल्ली बॉर्डर पर लगे जाम के कारण सरहोल बॉर्डर के पास वाहनों की गति काफी धीमी हो गई।