उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार इलाका स्थित पार्किंग में ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान करंट लगने से चालक की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त दीपू (30) के रूप में हुई है।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार इलाका स्थित पार्किंग में ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान करंट लगने से चालक की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त दीपू (30) के रूप में हुई है। करंट से वह अचेत हो गया था। फौरन उसे जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
विज्ञापन
क्राइम टीम के अलावा एफएसएल ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिवार के हवाले कर दिया है। दीपू परिवार के साथ प्रताप नगर इलाके में रहता था। इसके परिवार में पत्नी के अलावा छह साल की बेटी और पांच साल का बेटा है। वह ई-रिक्शा चलाकर अपना गुजारा रहा था।
परिजनों ने बताया कि गुरुवार दोपहर के समय दीपू घर के पास ई-रिक्शा पार्किंग में मौजूद था। इस दौरान उसे करंट लग गया। अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि जहां दीपू अपना ई-रिक्शा पार्क करता था, वहीं पर अवैध चार्जिंग प्वाइंट बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि राजधानी में इतने ई-रिक्शा मौजूद हैं, लेकिन सरकार ने इनकी चार्जिंग के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए हैं। ऐसे में हादसे की संभावना बनी रहती है।