एम. श्रीनिवास और डॉ. राजीव बहल।
- फोटो : Social Media
दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर में सबसे बड़े चिकित्सा संस्थान अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के निदेशक की घोषणा हो गई है। डॉ. एम श्रीनिवास, डीन, ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, हैदराबाद को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, नई दिल्ली का निदेशक नियुक्त किया गया। श्रीनिवास डॉ. रणदीप गुलेरिया की जगह लेंगे। गुलेरिया मार्च 2017 से एम्स, दिल्ली के निदेशक हैं। श्रीनिवास 2016 में हैदराबाद स्थित ईएसआईसी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज जाने से पहले एम्स, दिल्ली में पेडियाट्रिक सर्जरी (बच्चों की सर्जरी) विभाग में प्रोफेसर थे। देश के अनुसार, यह नियुक्ति पदभार संभालने के दिन से पांच साल या 65 साल की आयु या अगले आदेश तक (जो भी पहले हो) तक के लिए प्रभावी है।
वहीं, डॉ. राजीव बहल को भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) सह-सचिव स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल तीन साल का होगा। बहल फिलहाल जिनेवा में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) में मातृ, नवजात शिशु पर शोध प्रमुख एवं किशोर स्वास्थ्य सह-नवजात इकाई के प्रमुख हैं। इससे पहले डॉ. बलराम भार्गव का आईसीएमआर के महानिदेशक और स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के सचिव के रूप में विस्तारित कार्यकाल जुलाई में समाप्त हो गया था। भार्गव को इस पद पर 16 अप्रैल 2018 को चार साल के लिए नियुक्त किया गया था।
23 सितंबर को खत्म हो रहा गुलेरिया का कार्यकाल
एम्स के निदेशक के रूप में डॉ. गुलेरिया के कार्यकाल में दूसरी बार किए गए विस्तार की समय-सीमा 23 सितंबर को समाप्त हो रही है। उन्हें 28 मार्च 2017 को पांच साल के लिए एम्स, दिल्ली का निदेशक नियुक्त किया गया था। बाद में उनके कार्यकाल को तीन-तीन महीने के लिए दो बार बढ़ाया गया।
इससे पहले मार्च में एम्स के नए निदेशक के रूप में नियुक्ति के लिए कैबिनेट की नियुक्ति समिति को तीन नाम भेजे गए थे। इसमें एंडोक्रीनोलॉजी विभाग के प्रमुख निखिल टंडन, एम्स ट्रॉमा सेंटर के प्रमुख और ऑर्थोपेडिक्स विभाग के प्रमुख राजेश मल्होत्रा और एम्स मे गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी विभाग के प्रोफेसर प्रमोद गर्ग के नाम शामिल हैं। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली नियुक्ति समिति ने 20 जून को और नामों के साथ लंबी सूची देने को कहा।
इसके बाद न्यूरोसाइंस सेटर के प्रमुख एमवी पद्म श्रीवास्तव, आईसीएमआर के पूर्व महानिदेशक डॉ. बलराम भार्गव और पुडुचेरी में स्थित जवाहरलाल स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ. राकेश अग्रवाल के नामों पर चर्चा हुई। बाद में अंतिम सूची में हैदराबाद स्थित ईएसआईसी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज के डीन एम. श्रीनिवास और त्रिवेंद्रम स्थित श्री चित्र तिरुनल इंस्टीट्यूट फॉर मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी के निदेशक डॉक्टर संजय बिहारी का नाम शामिल किया।