फरीदाबाद के थाना सारन क्षेत्र में दहेज के लिए एक महिला को घर से निकालने और मांग पूरी न होने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सीमा (बदला नाम) अपने परिजनों के साथ फरीदाबाद की सुंदर कॉलोनी में रहती है।
उसने पुलिस को बताया कि उसकी शादी फरवरी 2012 में गांव पाली निवासी नवीन के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसे दहेज के लिए परेशान करते थे।
सीमा का आरोप है कि कुछ दिनों पहले उसके पति नवीन, सास राजबाला, देवर प्रवीण और ननद नीतू ने उसके साथ मारपीट की और दहेज में एक बाइक व 50 हजार रुपये लेकर आने को कहा।
आरोप है कि दहेज न लाने पर जान से मारने की धमकी भी दी। थाना सारन पुलिस ने मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है।