लोगों का मानना है कि कुलदीप ने पत्नी और बेटे की हत्या का प्लान सोच-समझ कर बनाया। इसके पीछे कारण बताते हैं कि उसने दवा कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर को दो दिन की छुट्टी पर दिल्ली जाने की बात बताई।
पत्नी और बेटे को घर के अंदर बंद कर मुख्य दरवाजे पर ताला लगाया ताकि पड़ोसियों को लगे कि परिवार कहीं गया हुआ है। पत्नी-बेटे की हत्या करने के करीब आठ घंटे तक वह घर में उनके शवों के बीच भी रहा।
कुछ लोगों को सोचना है कि कुलदीप बुधवार की रात फरार होना चाहता होगा लेकिन भेद खुल जाने पर जेल जाने के डर से खुदकुशी का प्रयास कर बैठा।
एसएचओ सेक्टर सात संदीप का कहना है कि घटना के पीछे क्या कारण हैं इनकी जानकारी कुलदीप ही दे सकेगा। फिलहाल उसके स्वास्थ्य लाभ का इंतजार किया जा रहा है।
दो दिन तक मौन क्यों रहा परिवार
पड़ोसियों के बीच इस बात की चर्चा जोरों पर है कि कुलदीप का परिवार दो दिन तक चुपचाप घर में बंद कैसे रह सकता है। दंपति तो समझदार था लेकिन आठ साल का कृष्णा कैसे दो दिन तक चुपचाप घर में बंद रहा।
पड़ोसियों का अनुमान है कि परिवार किसी गहरे मानसिक तनाव या दबाव से गुजर रहा था जिसकी वजह से यह कदम उठाया गया।
कृष्णा सेक्टर 15 ए स्थित विद्या मंदिर में कक्षा दूसरी का छात्र था। वह बीते शनिवार को आखिरी बार स्कूल गया था। स्कूल वालों ने बताया कि सोमवार से कृष्णा अनुपस्थित चल रहा था।
खुद की गर्दन और कलाई भी काटी
फरीदाबाद के सेक्टर तीन में दो दिन से परिवार के साथ घर में बंद मेडिकल रिप्रजेंटेटिव (एमआर) ने जहर देकर पत्नी और बेटे की हत्या कर दी। कलाई और गर्दन काट कर उसने भी खुदकुशी का प्रयास किया।
पुलिस ने उसे नाजुक हालत में नीलम-बाटा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। हत्या और खुदकुशी के प्रयास के पीछे क्या कारण हैं पुलिस अभी इसका पता नहीं लगा सकी है। युवक के खिलाफ उसके साले ने बहन और भांजे की हत्या का केस दर्ज कराया है।
कुलदीप धर मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव है। परिवार में पत्नी सरोज और बेटा कृष्णा उर्फ दिव्या (08) थे। उनका परिवार सेक्टर 3 में रहता था। बुधवार की शाम दिल्ली में रहने वाले भाई सुधीर ने बात करने के लिए कुलदीप को कॉल की तो उसका फोन स्विच ऑफ मिला।
भाभी सरोज का फोन भी स्विच ऑफ बता रहा था। इस पर उन्होंने कुलदीप के बारे में जानकारी लेने के लिए मेडिकल कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर से बात की। उन्हें बताया गया कि कुलदीप दो दिन पहले परिवार के साथ दिल्ली जाने की बात कह कर छुट्टी पर गया है।