लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार को डबल डेकर ट्रेन लखनऊ से आनंद विहार तक अपने ट्रायल रन पर दौड़ी। शुक्रवार की शाम पांच बजे ट्रेन गाजियाबाद स्टेशन पर पहुंची। पांच मिनट के स्टॉपेज के बाद ट्रेन आनंद विहार टर्मिनल के लिए रवाना हो गई।
ट्रेन हापुड़ और मुरादाबाद स्टेशन पर भी रुकी। ट्रेन में मौजूद रही टेक्निकल टीम ने ट्रेन का अभी तक ट्रायल सफल बताया।
अब यह ट्रेन शनिवार को सुबह 10 बजे आनंद विहार स्टेशन से लखनऊ रवाना होगी। रेलवे इस डबल डेकर ट्रेन को नवंबर महीने के दूसरे सप्ताह तक लखनऊ से दिल्ली तक चलाने की तैयारी कर रहा है।
लखनऊ से यह डबल डेकर ट्रेन शुक्रवार की सुबह 10 बजे आनंद विहार के लिए रवाना हुई। पांच बजे यह ट्रेन गाजियाबाद स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-3 पर पहुंची।
टेक्निकल टीम ने स्टेशन पर उतरकर कुछ जांच की और पांच मिनट बाद आनंद विहार के लिए ट्रेन को रवाना कर दिया। ट्रेन के गाजियाबाद पहुंचने पर स्थानीय अधिकारियों ने टेक्निकल टीम के एक्सपर्ट से वार्ता की।
स्टेशन पर मौजूद यात्री भी इस अनोखी और खूबसूरत दिखने वाली ट्रेन का दीदार करने के लिए उत्सुक दिखाई दिए। लोगों ने इस खूबसूरत ट्रेन को मोबाइल में भी कैद किया।