सेक्टर-46 में किशोर को गली के कुत्ते ने काट लिया। इस पर विवाद हो गया। स्थानीय निवासी की ओर से पशुप्रेमी पर कुत्ते से कटवाने का आरोप लगाने पर महिला ने पीपुल फॉर एनिमल (पीएफए) व सांसद मेनका गांधी, एसीपी सदर और सेक्टर-50 थाना प्रभारी को ऑनलाइन शिकायत भेजते हुए दूसरे पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सेक्टर-46 निवासी पशुप्रेमी ने पुलिस को ऑनलाइन भेजी शिकायत के मुताबिक उनके घर के सामने गली में दो कुत्ते घूमते हैं। जिन्हें वह रोजाना खाना खिलाती है। कुछ दिन पहले सोसायटी के एक किशोर को कुत्ते ने काट लिया था। इस पर उसके पिता ने सेक्टर-50 थाना पुलिस में शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि वह मेरे कुत्ते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी ने घर पहुंचकर पूछताछ की तो महिला ने बताया कि यह तो गली के कुत्ते हैं जिन्हें सोसायटी के बाकी लोग भी खाना खिलाते हैं। इस पर पुलिसकर्मी ने बच्चे के इलाज के लिए दूसरे पक्ष को रुपये देने की बात कही तो महिला अड़ गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरा पक्ष इन कुत्तों को यहां से निकालने के लिए पुलिस को गुमराह कर झूठी शिकायत दर्ज कराई है। इस संबंध में महिला ने पीएफए संरक्षक मेनका गांधी, एसीपी सदर और सेक्टर-50 थाना पुलिस से पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस पूरे मामले को लेकर एसीपी सदर अमन यादव ने कहा कि यह शिकायत अभी उनके संज्ञान में नहीं है। सोमवार को इसकी जांच की जाएगी।