डॉ. असीम गुप्ता
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली के लोकनायक अस्पताल के कोरोना संक्रमित एक वरिष्ठ डॉक्टर की मौत हो गई है। इससे पहले अस्पताल के ही लैब तकनीशियन संक्रमण के चलते अपनी जान गंवा चुके हैं।
दिल्ली सरकार के सबसे बड़े कोविड अस्पताल के एनेस्थिसिया विभाग में तैनात वरिष्ठ डॉ. असीम गुप्ता ने शनिवार देर रात अंतिम सांस ली। कोरोना होने के चलते उन्हें मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले कई दिनों से उनकी हालत गंभीर बताई जा रही थी।
जानकारी के अनुसार करीब दो सप्ताह पहले डॉ. असीम गुप्ता कोरोना संक्रमण की चपेट में आने की वजह से बीमार चल रहे थे। उन्हें सांस लेने में तकलीफ और तेज बुखार होने के चलते मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
यहां पिछले सप्ताह ही उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया था। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार डॉ. गुप्ता की हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी। उनकी हालत में कोई सुधार नहीं आया और फिर शनिवार की रात को गुप्ता की मौत हो गई।
दिल्ली में इससे पहले एम्स के पूर्व मेडिसिन विभागाध्यक्ष और दिचाऊं कलां गांव स्थित मोहल्ला क्लीनिक के डॉक्टर की कोरोना से मौत हो गई थी।
दिल्ली के अस्पतालों में अब तक दो हजार से ज्यादा स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं। जबकि अलग अलग अस्पतालों को मिलाकर करीब छह डॉक्टर, नर्स व तकनीशियन की मौतें अब तक हो चुकी हैं।