केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दसवीं और बारहवीं की मुख्य परीक्षाएं दो मार्च से शुरू होने जा रही है। सीबीएसई ने इन परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए लोगों से भ्रामक अफवाहें और आधारहीन जानकारी न फैलाने की अपील की है। बोर्ड ने भ्रामक जानकारी फैलाने वालों को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि सीबीएसई के संज्ञान में ऐसी जानकारी आई तो कानून के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
सीबीएसई ने सोशल मीडिया पर फैलाई जाने वाली फर्जी जानकारी से अभिभावकों और छात्रों को अलर्ट करते हुए बुधवार को एक नोटिस जारी किया है। इसमें छात्रों को परीक्षा के संबंध में कुछ दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं।
नोटिस में कहा गया है कि अतीत में यह देखा गया है कि कुछ असामाजिक तत्व फेसबुक, ट्विटर और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर नकली वीडियो और संदेशों को प्रसारित कर अफवाहें फैलाते हैं। इससे छात्रों व अभिभावकों के बीच भ्रम की स्थिति बनती है। ऐसे में इस नोटिस के माध्यम से ऐसी गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों को चेतावनी दी गई है। बोर्ड ने लोगों से अपील की है कि वह अफवाहों और आधारहीन सूचनाओं को न फैलाकर बोर्ड के साथ सहयोग करें।
विद्यार्थियों के लिए दिशा-निर्देश
-छात्रों को परीक्षा से पहले अपने आवंटित परीक्षा केंद्रों का दौरा करना चाहिए ताकि परीक्षा के दिन वे सही केंद्र और समय पर पहुंचें।
-परीक्षा के दिन उन्हें मौसम और दूरी का ध्यान रखते हुए घर से निकलना होगा ताकि वह सुबह 9:45 तक परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाए।
-किसी भी उम्मीदवार को सुबह 10 बजे के बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
-सही पहचान के लिए नियमित स्कूल में पढ़ने वालों को स्कूल की ड्रेस में पहुंचना होगा।
-परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश पत्र पर लिखे गए आइटम को ही लेकर पहुंचे।
-किसी भी तरह के संचार उपकरणों और अन्य समान उपकरणों की अनुमति नहीं है।