कार में लिफ्ट न देना एक कारोबारी को महंगा पड़ गया। बदमाशों ने बाईपास रोड के किनारे खड़े कारोबारी से कार की चाबी छीन ली। हथियार के बल पर उसे जबरन कार में बैठाकर ले गए। इस दौरान कारोबारी के साथ मारपीट की और यूपी के कोलाना गांव स्थित जंगलों में उसे फेंककर कार लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैली गांव निवासी कंवरपाल सेक्टर 59 में गत्ते का कारोबार चलाते हैं। 25 जून को सर्विस सेंटर से अपनी कार लेकर घर वापस लौटते समय दोपहर करीब 2 बजे बाईपास रोड के किनारे सिगरेट पीने के लिए गाड़ी रोककर बाहर खड़े थे।
इस दौरान दो युवकों ने कंवरपाल सें लिफ्ट मांगी लेकिन उन्होंने लिफ्ट देने से इनकार कर दिया। एक युवक ने कार की चाबी छीन ली और विरोध करने पर दूसरे युवक ने उनभको दबोच लिया।
इस दौरान दो अन्य युवक भी वहां आ गए और कंवरपाल को जबरन कार की पिछली सीट पर डालर उसके ऊपर बैठ गए। इस दौरान बदमाशों ने कंवरपाल के साथ जमकर मारपीट भी की और शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी।
बदमाश हाईवे से होते हुए कोसी से आगे कोलाना गांव के जंगलों में पहुंचे और कुंवरपाल को चलती कार से बाहर फेंककर फरार हो गए। कंवरपाल का कहना है कि किसी प्रकार वह जंगल से बाहर निकलकर रोड पर आया और वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति को सारी आपबीती बताई। उससे मोबाइल लेकर कंवरपाल ने अपने घर परिजनों को फोन किया। इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे घर लेकर आए।
इसके बाद सदर थाना पुलिस को शिकायत दी गई। मामले की जांच कर रहे एएसआई कप्तान सिंह ने बताया कि चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों का सुराग लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।