राजधानी में बुधवार को सर्वाधिक 1,375 कोविड मामले दर्ज किए गए। डीएमआरसी अधिकारियों के मुताबिक उड़न दस्ते में तैनात टीमें सफर के दौरान यात्रियों पर लगातार नजर रख रही हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी की जाती है। टीमें यात्रियों का औचक निरीक्षण कर उन्हें कोविड उपयुक्त व्यवहार का पालन करने का निर्देश दे रही हैं। संक्रमण से बचाव के लिए हैंड सैनिटाइजर का भी इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि संक्रमण का प्रसार न हो।
डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल के मुताबिक डीडीएमए के निर्देशों का पालन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मई में नियमों की अनदेखी करने वाले 2,158 यात्रियों पर (ओ एंड एम अधिनियम की धारा 59) जबकि जून के पहले सप्ताह में 500 से अधिक यात्रियों पर जुर्माना लगाया गया। डीएमआरसी के अधिकारियों ने यात्रियों में जागरुकता बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया पर अभियान भी शुरू कर दिया है। दिल्ली मेट्रो ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पर कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए जागरुकता अभियान चलाए हैं। मेट्रो के अंदर उदघोषणाएं की जा रही है।