राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के चार हजार से अधिक केस सामने आए हैं। संक्रमण को देखते हुए सरकार ने मेट्रो स्टेशन, मॉल और रेस्तरां में भी सख्ती शुरु कर दी है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। मेट्रो में सफर के दौरान अगर किसी यात्री ने मास्क ठीक से नहीं पहना है या कोविड प्रोटोकाल का पालन नहीं किया तो उसे 200 से लेकर दो हजार रुपए तक का जुर्माना लग सकता है।
डीएमआरसी ने यात्रियों को चेताया है, जो यात्री मेट्रो या उसके परिसर में जानबूझकर ठीक से मास्क नहीं लगा रहे है या मास्क उतारकर फोन पर बात करते हैं, इसके अलावा मेट्रो के भीतर या बाहर कोविड प्रोटोकाल को तोड़ते हैं तो उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। विरोध करने वाले यात्रियों को दिल्ली मेट्रो के नियमों के तहत ट्रेन से उतारा भी जा सकता है।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने नियमों तोड़ने वाले यात्रियों पर एक्शन लेना शुरू कर दिया है। इसके लिए मेट्रो ने विशेष तौर परफ्लाइंग स्क्वॉड टीम तैनात की है। इस टीम के लोग स्टेशन परिसर से लेकर प्लेटफार्म और चलती ट्रेनों में घूमकर नियम तोड़ने वाले यात्रियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई को अंजाम दे रहे हैं। इसके अलावा दिल्ली पुलिस द्वारा भी मेट्रो स्टेशन के बाहर कोविड नियमों का उल्लंघन करने पर यात्रियों पर चालानी कार्रवाई कर रही है।
डीएमआरसी के अफसरों ने अमर उजाला से कहा, कोरोना महामारी के दौरान यात्रियों को सुरक्षित रखना और सेफ यात्रा कराना डीएमआरसी की जिम्मेदारी है। यात्रियों का चालान काटना हमारा उद्देश्य नहीं है। यात्रियों को प्रोटोकॉल समझाने का काम फ्लाइंग स्क्वॉयड की ओर से किया जा रहा है। प्लेटफार्म और ट्रेन में सफर के दौरान भी यात्रियों को यह भी बताया जा रहा है कि कोविड अभी खत्म नहीं हुआ है। अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए मास्क जरूर लगाएं और सोशल डिस्टेंसिंग के साथ यात्रा करें।
उन्होंने आगे कहा, कोविड प्रोटोकाल तोड़ने और मास्क नहीं लगाने के चलते दिल्ली मेट्रो में बीते एक माह में 7,058 यात्रियों का चालान किया गया है। मेट्रो में लापरवाही बरतने वाले यात्रियों के लिए अब मेट्रो ने फ्लाइंग स्कवॉयड टीम तैनात की है। जो मेट्रो में मास्क नहीं लगा रहे हैं या कोविड प्रोटोकाल का पालन नहीं कर रहे उनसे जुर्माना वसूल किया जा रहा है।
डीएमआरसी को कुछ दिनों पूर्व ही कई मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट पर यात्रियों की थर्मल स्कैनिंग के साथ उनके हाथ और बैग ठीक से सैनिटाइज नहीं करने की शिकायते मिली थीं। इसके बाद डीएमआरसी ने अपने सभी कर्मचारियों को भी कोविड नियमों के पालन के प्रति सतर्क रहने और लोगों की अच्छी तरह से चेकिंग करने का निर्देश दिया है। ताकि संक्रमण पर काबू पाया जा सके और यात्री सुरक्षित सफर कर सकें।