केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से सभी राज्यों को अन्य राज्यों में लॉकडाउन में फंसे मजदूरों और अन्य लोगों को लाने की अनुमति देने के बाद इस दिशा में स्थानीय स्तर पर पहल शुरू हुई है।
इसी क्रम में लॉकडाउन में फंसे छात्रों को घर भेजने के लिए गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने एक ट्वीट कर जानकारी दी है। अपने ट्वीट में जिलाधिकारी ने सरकार की ओर से जारी आदेश का हवाला देते हुए अपने प्रयासो के बारे में बताया है।
अपने ट्वीट में जिलाधिकारी ने एक लिंक दिया है और कहा है कि इसे क्लिक करने के बाद छात्र एक फॉर्म भरें और इसके बाद प्रशासन की ओर से छात्रों से संपर्क किया जाएगा।
मुनादी करके लोगों को कर रहे हैं सचेत
दूसरी ओर, कोरोना वायरस से अपने ओर अपने परिवार को सुरक्षित रखने के लिए जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने एडवाइजरी जारी करके हुए आरोग एप का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। वहीं, गांवों में भी ग्रामीणों को जानकारी देने के लिए मुनादी कराई जा रही है। जिसमें लॉकडाउन का पालन नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी जा रही है। जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने बताया कि गांवों में भी मुनादी करके पंचायत विभाग के कर्मचारी ग्रामीणों को जागरूक कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को दादरी के आनंदपुर गांव में मुनादी कराई गई।