दिल्ली पर दिवाली का असर आपके त्योहार की सारी खुशी एक झटके में फुर्र कर देगा। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण विभाग की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक दिवाली की रात दिल्ली में प्रदूषण सामान्य की अपेक्षा 23 गुना बढ़ गया।
बुधवार रात 11 बजे आनंद विहार में प्रदूषण का स्तर 2308 माइक्रो ग्राम पर क्यूबिक मीटर (एमपीसीएम) था जो प्रदूषण के सामान्य स्तर (100 एमपीसीएम) से 23 गुना ज्यादा था।
वहीं पूर्वी दिल्ली में पीएम 10 का स्तर क्रिटिकल लेवल पार कर गया और 619 एमपीसीएम पर पहुंच गया। आरके पुरम में दिवाली की रात 1 बजे के करीब पीएम 10 का स्तर 1333 एमपीसीएम तक पहुंच गया जबकि, रात 9.30 के करीब पीएम2.5 का स्तर 985 एमपीसीएम को पार कर गया।
हालांकि, दिल्ली में प्रदूषण का स्तर पिछले तीन दिनों में मानक से दो गुना से ज्यादा चला गया था। केंद्रीय भूविज्ञान मंत्रालय का भी मानना है कि दिवाली पर प्रदूषण खतरनाक स्तर तक जा सकता है।