शुनिवार की सुबह आठ बजे जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी कलेक्ट्रेट पहुंचे। सबसे पहले सभी ने अपने-अपने कार्यालयों की सफाई की। इस दौरान अधिकारियों ने अपने टेबल व अन्य स्थानों को भी साफ किया। उसके बाद डीएम ने अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मिलकर कलेक्ट्रेट परिसर में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान एसडीएम सदर अंकित कुमार, नगर मजिस्ट्रेट ग्रेटर नोएडा उमेश चंद्र निगम, जिला आबकारी अधिकारी राकेश बहादुर सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं सदर, जेवर और दादरी तहसील में भी अधिकारियों ने साफ-सफाई की। डीएम ने कलेक्ट्रेट का निरीक्षण किया। संबंधित अफसरों को पानी की निकासी और साफ-सफाई की व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए है। श्रमदान के बाद डीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक की। डीएम ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी समय पर कार्यालय पहुंचे। मानकों के अनुसार पत्रावलियों का रखरखाव और कार्यालय परिसर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखें। अगर लापरवाही मिली तो कार्रवाई की जाएगी। सभी विभागों के कार्यों का आकलन किया जाएगा। जिसके बाद उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभाग को पुरस्कृत भी किया जाएगा।