बाईपास रोड सेक्टर 31 में नगर निगम के डिस्पोजल टैंक की सफाई करने के दौरान जहरीली गैस में जान गंवाने वाले पिता-पुत्र और भतीजे के आश्रितों को निगम प्रशासन ने दस-दस लाख रुपये सहायता राशि के चेक वितरित किए।
बता दें कि गत 29 मार्च को सीवर सफाई के दौरान तीन सीवर कर्मियों राहुल, अतर सिंह और संतोष की मौत हो गई थी। सफाई कर्मचारी व सीवर मैन यूनियन ने आश्रितों को दस-दस लाख रुपये की सहायता राशि देने की मांग की थी।
निगमायुक्त सोनल गोयल ने यूनियन की मांग को जायज ठहराते हुए 10-10 लाख रुपये सहायता देने की घोषणा की थी। बुधवार को नगरपालिका कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री, नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष बलवीर बालगुहेर व सीवरमैन यूनियन के अध्यक्ष सुभाष फेंटमार ने निगम प्रशासन से मुलाकात की और मृतक कर्मियों के आश्रितों को मुआवजा दिलाने की मांग की।
प्रशासन के आदेश पर निगम के वित्त अधिकारी सतीश कुमार ने मृतकों के आश्रितों को 10-10 लाख रुपये के चेक प्रदान किए। इस मौके पर निगम की सीवरमैन यूनियन के राजू मंढोतिया, राजेंद्र चिंडालिया, ताराचंद ठेकेदार, गजन कीर, कुमर पाल बाल गुहेर आदि मौजूद रहे।