तिहाड़ जेल के कारागार संख्या एक के अंदर लिए गए कथित वीडियो और फोटो के वायरल होने के बाद बुधवार को डीआईजी (जेल) राजेश चोपड़ा से इस संबंध में जवाब मांगा गया है। महानिदेशक (कारागार) कार्यालय द्वारा जारी किए गए ऑर्डर में उन्हें पांच अक्तूबर तक रिपोर्ट जमा करने को कहा गया है।
डीआईजी (जेल) को इस मामले में विस्तृत जांच कर निर्धारित समय के अंदर रिपोर्ट जमा करने के आदेश दिए गए हैं। उन्हें अपनी रिपोर्ट में यह भी बताने को कहा गया है कि कथित फोटो और वीडियो जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, उन्हें जेल के अंदर कैसे खींचा गया जबकि दिल्ली की जेलों में मोबाइल फोन वर्जित हैं।
इसके साथ ही डीआईजी (जेल) अपनी रिपोर्ट में इससे संबंधित आवश्यक सलाह भी दे सकते हैं ताकि भविष्य में इस तरह के मामले दोबारा सामने न आएं।