मानसून की धोखाधड़ी से लोगों की धड़कनें बढ़ने लगी हैं। यह बात जरूर है कि ठंडी हवाओं ने गर्मी से राहत तो दी है, लेकिन अभी भी लोगों को बारिश का इंतजार है। मौसम विभाग ने अब 17 जुलाई तक बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।
मानसून की बेरुखी पर अफसरों की आपात बैठक 20 जुलाई को आयोजित की गई है। दिल्ली केे साथ अब बंगलूरू से भी मानसून की स्थिति का आकलन किया जाएगा।
मौसम वैज्ञानिक डा. विवेकराज सिंह के अनुसार वेस्टर्न डिस्टर्वेंस के चलते मानसून बार-बार राह भटक रहा है। इसके चलते अब दिल्ली के साथ ही बंगलूरू संस्थान से भी नजर रखी जा रही है।
39 डिग्री पहुंचा एनसीआर में पारा
एनसीआर में रविवार को आई तेज बारिश से जगी गर्मी से राहत की आस पूरी नहीं हो रही है। सोमवार के बाद मंगलवार को भी बारिश नहीं हुई। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ऊपर 39 डिग्री व न्यूनतम 28.5 डिग्री रहा।
दोनों तापमान में सोमवार के मुकाबले तीन डिग्री की वृद्धि हुई है। वहीं, मौसम विभाग लगातार बारिश की संभावना जता रहा है। बुधवार को यूपी व उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, एनसीआर में 17 जुलाई तक अच्छी बारिश के आसार नहीं हैं।
18 से 21 जुलाई तक उत्तराखंड, हरियाणा, यूपी, राजस्थान में बारिश होगी।मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को उत्तराखंड, पूर्वी यूपी व झारखंड में बारिश हुई है।
फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री, गुड़गांव में 38.4 डिग्री, गाजियाबाद में 37.4 डिग्री और नोएडा में 38.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।