दिल्ली में 2005 और उससे पुराने भारी व्यवसायिक वाहनों पर पाबंदी की वजह से उन्हें यूपी में ही डायवर्ट किया जा रहा है। लेकिन अभी भी ऐसे कई प्रतिबंधित वाहन हैं, जो दिल्ली में प्रवेश कर रहे हैं।
इससे नाराज डीएम और एसएसपी ने मीटिंग कर अफसरों की क्लास ली। साथ ही गाइडलाइंस बताते हुए होर्डिंग्स और बोर्ड लगाकर वाहन चालकों को जागरूक करने की हिदायत दी।
डीएम विमल कुमार शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, स्टेट हाईवे, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और जीडीए अपने-अपने क्षेत्रों में आने वाली सड़कों पर वाहनों का दिल्ली में प्रवेश रोकने के लिए होर्डिंग्स/बोर्ड इस प्रकार से लगवाएं कि वाहन चालकों को रात में भी दिखाई दें।
एसएसपी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि गाजियाबाद में तीन राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-24, एनएच-58, एनएच-91) और एक राजमार्ग स्टेट हाईवे-57 गुजरता है।
इन सभी मार्गों पर भारी वाहनों को किस तरह से डायवर्ट कर भेजा जाना है, यह एक महीने पहला ही बताया जा चुका है। डायवर्टिंग प्वाइंट हैं, जिनसे वाहनों को डायवर्ट किया जाना है। इसे सख्ती से लागू किया जाए।
बता दें कि एनएच-24 पर लखनऊ, मुरादाबाद की ओर से पंजाब, हरियाणा की ओर जाने वाले भारी व्यावसायिक वाहनों का गाजियाबाद से पहले डायवर्टिंग प्वाइंट स्याना चौपला-गढ़ है।
एनएच-58 पर मेरठ की ओर से पंजाब, हरियाणा की ओर जाने वाले वाहनों का डायवर्टिंग प्वाइंट मेरठ और एनएच-91 जीटी रोड पर कानपुर, अलीगढ़ की ओर से पंजाब हरियाणा की ओर जाने वाले वाहनों का सिकंदराबाद है।