राजधानी में बारिश के बाद जलभराव और ट्रैफिक की दिक्कत को देखते हुए उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्रैफिक पुलिस, लोक निर्माण विभाग, एमसीडी, डीएमआरसी समेत सभी एजेंसियों की बैठक बुलाई।
पीडब्ल्यूडी मंत्री सत्येंद्र जैन और जलमंत्री कपिल मिश्रा की मौजूदगी में एजेंसी प्रतिनिधियों ने कहा कि सड़कों पर जलभराव रोकथाम के उपाय किए हैं। एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने बैठक के दौरान एक दूसरे पर दोषारोपण भी किया।
बैठक में ट्रैफिक पुलिस ने 29 जगह जलभराव के कारण ट्रैफिक जाम की जानकारी दी है। उपमुख्यमंत्री ने ट्रैफिक पुलिस से इस पर अलग से रिपोर्ट मांगी है। मूलचंद अंडरपास में जलभराव को लेकर पीडब्ल्यूडी या अन्य एजेंसी ने कहा है कि वहां जलभराव की कोई दिक्कत नहीं हैं, जबकि ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि वहां पानी भरने से ट्रैफिक जाम रहता है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एजेंसियों के प्रतिनिधि संयुक्त निरीक्षण करके मंगलवार को रिपोर्ट सौंपे। जहां हालात खराब हैं और किसी एजेंसी की लापरवाही दिख रही है तो एसडीएम चालान करें।