आप ने दिल्ली सरकार के डेंगू के खिलाफ अभियान के मुद्दे पर भाजपा पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि देश की नामचीन हस्तियां इस अभियान का हिस्सा बन रही हैं, जबकि भाजपा इसे नाकाम करने की कोशिश कर रही है। पार्टी ने भाजपा नेताओं से भी अभियान से जुड़ने की अपील की है।
पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत में आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली भाजपा के किसी नेता ने न तो सोशल मीडिया पर इस अभियान का समर्थन किया और न ही इसमें शिरकत की। प्रधानमंत्री ने जब स्वच्छ भारत मिशन लांच किया था तो मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने झुग्गी बस्ती में जाकर साफ-सफाई की थी।
संजय सिंह ने कहा कि अभियान का हिस्सा बनने की जगह भाजपा नेता खुद डेंगू मच्छर बनकर अभियान को मार देना चाहते हैं। इसी नीयत से भाजपा शासित एमसीडी ने एक डाटा जारी कर बताया है कि डेंगू के लार्वा दिल्ली सरकार के स्कूलों और दफ्तरों में मिले हैं। रिपोर्ट एमसीडी के दफ्तरों और स्कूलों को इससे मुक्त बता रही है।
केजरीवाल ने बीते शुक्रवार को सरकारी दफ्तरों के लिए भी अभियान लांच किया है। संजय सिंह ने भाजपा पर घटिया राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली सरकार एमसीडी की रिपोर्ट का संज्ञान लेगी। गौरतलब है कि बीते दिनों दक्षिणी एमसीडी के चारों जोनों में जांच के दौरान कई स्कूलों, डीटीसी डिपो, डिस्पेंसरियों समेत दूसरे संस्थानों और ऑफिसों में लार्वा पाया गया था।
इस पर एमसीडी ने दिल्ली सरकार के अधीन आने वाले 113 संस्थानों के चालान काटे और 24 को नोटिस जारी किया। एमसीडी ने इसकी जांच के लिए एक टास्क फोर्स का भी गठन किया है। एमसीडी स्टैंडिंग कमेटी के डिप्टी चेयरमैन ने दिल्ली सरकार पर गुमराह करने का आरोप लगाया था।