नोएडा सेक्टर-107 स्थित हार्ट बिट सिटी के खरीदारों ने बिल्डर और प्राधिकरण पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनकी मानें तो बिना बताए बिल्डर ने लेआउट में परिवर्तन कर दिया है और अब उनके प्रोजेक्ट के कुछ हिस्से की जमीन महागुन को दे दी।
अब वहां दूसरा बिल्डर काम कर रहा है। उन्होंने इसके खिलाफ सोमवार को साइट पर प्रदर्शन किया और नोएडा प्राधिकरण से मांग की कि जमीन के असली हकदार के बारे में बताएं और मामले को सुलझाने के लिए आगे आएं। अगर ऐसा नहीं किया जाता है तो वह प्राधिकरण और बिल्डर को कोर्ट का नोटिस भेजेंगे।
खरीदार पुनीत पाराशर का कहना है कि वह सभी अपने प्रोजेक्ट साइट पर हमेशा से आते जाते रहे हैं, लेकिन हाल ही में जाने पर पता चला कि वहां के अप्रोच रोड पर महागुन ने घेराबंदी कर रखी है और वहां उसका काम चल रहा है। यही नहीं बिल्डर ने नक्शे में जहां क्लब हाउस निर्माण के बारे में दिखाया था। वहां भी उक्त बिल्डर ने घेराबंदी कर रखी है।
खरीदारों का कहना है कि यह पूरी तरह से सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का उल्लंघन है और ऐसा लगता है कि बिल्डर ने खरीदारों को बिना बताए किसी और को जमीन दी है और निर्माण करा रहा है। उनका कहना है कि साइट पर पहले से ही आवाजाही बंद कर दी गई है और कहा गया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश से यहां अब गैलेक्सी बिल्डर काम करेगा।
इस बाबत एक नोटिस लगाकर सभी कर्मचारी छुट्टी पर चले गए हैं। खरीदारों का कहना है कि उन्होंने सोमवार को प्रोजेक्ट साइट पर पुराने लेआउट की एक कॉपी चिपका दी है और प्राधिकरण के सीईओ आलोक टंडन से मांग की है कि जांच कराएं और स्थिति को स्पष्ट करें ताकि खरीदारों में किसी तरह के भ्रम की स्थिति न रहे।