साढ़े पांच लाख हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन राष्ट्रपति के नाम सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत सोमवार को साढ़े पांच लाख नागरिकों के हस्ताक्षर वाला ज्ञापन डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजा गया। ज्ञापन के माध्यम से देशभर में गौ हत्या पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सशक्त केंद्रीय कानून बनाने, गौमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान देने और गौ संरक्षण और संवर्धन से जुड़े विभिन्न विषयों पर आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई।
डीएम (मध्य दिल्ली) कार्यालय, तालकटोरा स्टेडियम के निकट आयोजित कार्यक्रम में संतों, गौभक्तों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया। प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि गौमाता भारत की सनातन संस्कृति, आस्था, कृषि परंपरा और ग्राम्य जीवन की आत्मा हैं। साढ़े पांच लाख नागरिकों के हस्ताक्षर इस बात का प्रमाण हैं कि गौमाता के सम्मान और संरक्षण की मांग किसी एक संगठन की नहीं, बल्कि व्यापक जनभावना का विषय है।
आदेश गुप्ता ने केंद्र सरकार से देशभर में गौ हत्या पर प्रभावी केंद्रीय कानून बनाने और गौमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि गौ सेवा भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है और समाज के प्रत्येक वर्ग को गौ संरक्षण के जनजागरण अभियान से जुड़ना चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित संतों और वक्ताओं ने गौ संरक्षण को सामाजिक दायित्व बताते हुए इस जनआंदोलन को देश के कोने-कोने तक ले जाने का आह्वान किया।