सेक्टर-30 स्थित जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. नागेंद्र मोहन माथुर ने कैंटीन के पास डिलीवरी के मामले को गंभीरता से लिया है।
अमर उजाला में मंगलवार को खबर ‘जिला अस्पताल के कैंटीन के पास दिया बच्चे को जन्म’ प्रकाशित की गई थी। सीएमएस का कहना है कि पीड़ित परिवार की ओर से उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली है।
लेकिन, अखबार में प्रकाशित खबर को संज्ञान में लेते हुए घटना के दिन ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर से बुधवार को जवाब तलब किया जाएगा।
किसी भी मरीज को बिना इलाज लौटाना गलत है। मामला गर्भवती का होने से और भी चिंताजनक बात हो जाती है। मालूम हो कि सोमवार को कैंटीन के पास कृष्णावती ने बेटी को जन्म दिया था।
उसके पति हीरा लाल का आरोप था कि डॉक्टर से भर्ती करने से मना कर दिया और मंगलवार अल्ट्रासाउंड कराने की बात कहते हुए लौटा दिया था।