अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला: दिल्ली पवेलियन में साफ यमुना और ग्रीन मोबिलिटी तो यूपी में चिकनकारी, हलवा और कलाकंद बने आकर्षण
सचिन कुमार
नई दिल्ली। दिल्ली की ऐतिहासिक विरासत, पुरानी बाजारों की रौनक और आधुनिक विकास की झलक, तो उत्तर प्रदेश का पारंपरिक स्वाद, बेमिसाल कारीगरी और स्थानीय हुनर...। भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में दिल्ली और उत्तर प्रदेश के पवेलियन अपनी इन्हीं खासियतों के साथ दर्शकों को आकर्षित कर रहे हैं। दोनों राज्यों ने अपने पवेलियन के जरिए संस्कृति और परंपरा को उद्योग, नवाचार और विकास से जोड़ने की कोशिश की है।
दिल्ली पवेलियन में राजधानी के ऐतिहासिक स्वरूप के साथ भविष्य की योजनाओं की झलक भी देखने को मिल रही है। वहीं, यूपी पवेलियन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और खानपान को प्रमुखता दी गई है। इन पवेलियन में आने वाले लोगों को दोनों राज्यों की विविधता और बदलते स्वरूप को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है।
इंडिया गेट की झलक और 62 स्टॉल से सजा दिल्ली पवेलियन
दिल्ली पवेलियन में प्रवेश करते ही इंडिया गेट के द्वार की झलक राजधानी की ऐतिहासिक पहचान से रूबरू कराती है। हॉल नंबर दो में बने इस पवेलियन में कुल 62 स्टॉल लगाए गए हैं। यहां पुरानी दिल्ली के खास आभूषणों, हस्तशिल्प, स्थानीय कारोबारियों के उत्पादों और पर्यटन स्थलों से जुड़ी चीजों को प्रदर्शित किया गया है। महिला उद्यमियों के उत्पाद भी यहां आकर्षण का केंद्र हैं। इन स्टॉल के माध्यम से स्थानीय कारोबारियों और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों को बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिला है।
साफ यमुना और ग्रीन मोबिलिटी से दिखाई भविष्य की तस्वीर
दिल्ली पवेलियन की खासियत केवल ऐतिहासिक विरासत तक सीमित नहीं है। यहां साफ यमुना का मॉडल भी प्रदर्शित किया गया है, जो नदी की स्वच्छता से जुड़े प्रयासों की ओर ध्यान खींचता है। इसके अलावा ग्रीन मोबिलिटी और राजधानी में हो रहे विकास कार्यों के मॉडल भी लगाए गए हैं। इनके जरिए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और आधुनिक यातायात व्यवस्था से जुड़ी योजनाओं को दर्शाया गया है। इस तरह पवेलियन में पुरानी दिल्ली की पहचान के साथ विकसित होती राजधानी की तस्वीर भी देखने को मिलती है।
चिकनकारी से चटाई तक, यूपी के उत्पादों में दिखी स्थानीय पहचान
उत्तर प्रदेश पवेलियन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों की कला, स्वाद और पारंपरिक हुनर को एक ही छत के नीचे प्रस्तुत किया गया है। लखनऊ की चिकनकारी यहां विशेष आकर्षण है। कपड़ों पर की गई बारीक कढ़ाई और धागों से उकेरे गए खूबसूरत डिजाइन कारीगरों की मेहनत और पीढ़ियों से चली आ रही इस कला की पहचान कराते हैं।
-खानपान के शौकीनों के लिए रामपुर का हलवा और कासगंज का कलाकंद खास पेशकश हैं। वहीं मेरठ की कोराई चटाई अपनी पारंपरिक बनावट के साथ लोगों का ध्यान खींच रही है। इन उत्पादों के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों की विशिष्ट कला, खानपान और स्थानीय हुनर को बाजार उपलब्ध कराने की कोशिश दिखाई देती है।
परंपरा के साथ विकास पर भी जोर
यूपी पवेलियन में पारंपरिक उत्पादों के साथ विकसित उत्तर प्रदेश की तस्वीर भी पेश की गई है। उद्योग, नवाचार और विकास से जुड़े मॉडल प्रदेश में हो रहे बदलावों को दर्शाते हैं। इस तरह यहां एक ओर पारंपरिक कारीगरी और स्थानीय उत्पादों को पहचान मिल रही है, तो दूसरी ओर औद्योगिक विकास की झलक भी देखने को मिल रही है।