द्वारका जिले के छावला इलाके में बुधवार दोपहर उजवा गांव के पास एक कार से युवक की तलाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की शिनाख्त रविंद्र (32) के रूप में हुई है। कार अंदर से बंद मिली है। रविंद्र के सिर में गोली लगी हुई थी। कार से पुलिस को एक देसी पिस्टल व खोखा मिला है।
पुलिस आशंका जता रही है कि रविंद्र ने खुद को गोली मारकर जान दी है। पुलिस को उसके पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस उसके मोबाइल कब्जे में लेकर परिवार से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। छावला थाना पुलिस ने उसका कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया है।
पुलिस के मुताबिक बुधवार दोपहर करीब एक बजे पुलिस को सूचना मिली कि उजवा रोड पर खड़ी आई-20 कार में एक युवक का खून से लथपथ हालत में शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार का दरवाजा किसी तरह खोलकर शव को कब्जे लिया।
मृतक की शिनाख्त उजवा गांव निवासी रविंद्र के रूप में हुई। वह पत्नी व दो बच्चों के साथ उजवा में रहता था। बुधवार सुबह वह कहीं जाने की बात कर घर से निकला था। सारे हालात देखकर पुलिस आशंका जता रही है कि रविंद्र ने खुदकुशी कर ली। लेकिन ऐसा कदम उसने क्यों उठाया और वह पिस्टल कहां से लाया। पुलिस इसका पता लगाने का प्रयास कर रही है।