दिल्ली में यमुना नदी का बढ़ा जलस्तर
- फोटो : एएनआई
दिल्ली-एनसीआर समेत पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश से यमुना नदी का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। सोमवार को यह खतरे के निशान के करीब 204.38 मीटर पर पहुंच गया। यमुना नदी के बढ़ते जल स्तर पर दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन का कहना है कि सरकार बाढ़ जैसी हालत से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
उधर, अधिकारियों का कहना है कि हथिनीकुंड बैराज से अभी सामान्य स्तर का पांच से दस हजार क्यूसेक के बीच पानी नियमित तौर पर छोड़ा जा रहा है। इससे अभी दिल्ली में बाढ़ की ज्यादा आशंका नहीं है। लेकिन मौसम विभाग आने वाले दिनों में जिस तरह से तेज बारिश होने की आशंका जाहिर कर रहा है, उससे जल स्तर में तेजी से बढ़ोत्तरी हो सकती है।
दिल्ली में खतरे का निशान 205.33 मीटर है। यमुना नदी सोमवार को इससे करीब एक मीटर नीचे बह रही है। इससे पहले रविवार सुबह करीब 8 बजे 204.18 मीटर था। हालांकि, सोमवार शाम जल स्तर में मामूली गिरावट आई है। लेकिन आने वाले दिनों में हथिनीकुंड से छोड़े गए पानी की मात्रा बढने से जल स्तर में इजाफा होगा।
सत्येंद्र जेन का कहना है कि दिल्ली का बाढ़ से बचने की तैयारियां पूरी हैं। जैसे ही जल स्तर बढ़ता है, सरकार इससे बचाव के प्रभावी कदम उठाएगी। इसके लिए राहत व बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चलेगा।
26 से 28 के बीच तेज बारिश की अनुमान
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर समेत पहाड़ी इलाकों में बुधवार से बारिश होने का अनुमान है। विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक कुलदीप श्रीवास्तव का कहना है कि इस वक्त मानसून दिल्ली-एनसीआर के नजदीक शिफ्ट हो रहा है। बंगाल की खाड़ी व अरब सागर से चलने वाली नम हवाएं बारिश करेगी। तेज बारिश की शुरुआत 26 अगस्त की देर शाम होगी। इसका सिलसिला 28 अगस्त तक जारी रहेगा।