दिल्ली के बवाना इलाके में बेटे की चाह में महिला सिविल डिफेंसकर्मी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर एक महिला के चार माह के बेटे को अगवा कर लिया। लेकिन महिला के शोर मचाने पर पुलिस ने महिला सिविल डिफेंसकर्मी और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में महिला डिफेंसकर्मी ने खुलासा किया कि कुछ दिन पहले उसके जवान बेटे ने खुदकुशी कर ली थी। उसके बाद से वह बेटे की चाह में थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी महिला की पहचान राजेश राणा और उसके सहयोगी की पहचान देवेंद्र राणा के रूप में हुई है। राजेश राणा अपनी नाबालिग बेटी के साथ बवाना में रहती है। वह सिविल डिफेंस में काम करती है। उसके पति का देहांत हो चुका है। चार माह पहले उसके जवान बेटे ने भी खुदकुशी कर ली। तभी से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। वह एक बेटे को गोद लेना चाह रही थी। यह बात उसने अपने परिचित राहुल और योगेश को बताई।
दोनों ने उसे ढाई लाख रुपये में एक छोटा बच्चा देने की बात कही। उसके बाद योजना के तहत महिला ने इलाके में रहने वाले एक मजदूर को फोन किया और दुष्कर्म के मामले में पूछताछ करने की बात कहकर थाने के पास बुलाया। मजदूर अपनी पत्नी और चार माह के बेटे को लेकर थाने पहुंचा। थाने के बाहर ही राजेश और तीन अन्य आरोपी उसे मिल गए।
बातचीत के दौरान राजेश ने महिला के गोद से उसका बच्चा ले लिया और अपने सहयोगी देवेंद्र के साथ स्कूटी पर सवार होकर भागने लगी। बच्ची के माता-पिता के शोर मचाने पर पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा कर उन्हें दबोच लिया। जबकि दो आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।