राजधानी में बृहस्पतिवार को बहुत हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। साथ ही, गरज के साथ बिजली चमकेगी। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज सतही हवाएं चलेंगी। ऐसे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 39 और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इसके चलते लोगों को गर्मी से हल्की राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव आया है। ऐसे में तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट होगी। इसके अलावा, पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद तापमान में एक बार फिर से बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। मौसम विभाग के अनुसार, 11 अप्रैल तक बारिश होने की संभावना है। उधर, उत्तराखंड में मौसम बदल चुका है। चमोली के थराली में तेज आंधी तूफान के साथ मूसलाधार बारिश हुई। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में बर्फबारी हुई। उत्तर प्रदेश में भी कल से मौसम करवट लेने जा रहा है।
हिमाचल के लाहौल-स्पीति में बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति की चोटियों में बुधवार को हल्की बर्फबारी हुई। कुल्लू जिले के कई भागों में शाम को बरसे बादल। इससे दोनों जिलों के तापमान में कुछ गिरावट दर्ज हुई है। राजधानी शिमला में बादल छाए रहे। मैदानी जिला ऊना में धूप खिलने से अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वीरवार और शुक्रवार को प्रदेश के कई क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में बदलाव आने के आसार हैं। 13 अप्रैल से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है।उत्तराखंड के थराली में तीन घंटे की बारिश से मची तबाही
उत्तराखंड में बुधवार को लंबे समय बाद मौसम ने करवट बदली और पहाड़ी इलाकों में बारिश हुई। वहीं, चमोली के थराली में कई गांव में तेज आंधी तूफान के साथ मूसलाधार बारिश ने तबाही मचा दी। तहसील के ग्वालदम, थराली, डुंग्री, कुलसारी, तलवाड़ी सहित कई गांवों में हुई तेज बारिश से लोग सहम गए।
यूपी में कल से करवट लेने जा रहा है मौसम, कई जिलों में हवाओं के साथ होगी बारिश
उत्तर प्रदेश में बृहस्पतिवार से मौसम यू-टर्न लेगा। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से पूर्वी-तराई इलाकों के 45 से ज्यादा जिलों में गरज-चमक संग बूंदाबांदी के आसार हैं। बुधवार को प्रदेश के विभिन्न इलाकों में पूर्वा हवाएं चलीं और बादलों की आवाजाही संग संतकबीर नगर, बहराइच, चुर्क आदि में छिटपुट बूंदाबांदी देखने को मिली।
पढ़ें- ये कैसा लुटेरा: तीन फ्लैट के मालिक ने की थी न्यूजीलैंड की महिला से लूट... डेढ़ लाख आता है किराया; खोले हर राज