दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त सतीश गोलचा ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने जाफराबाद मेट्रो स्टेशन छोड़ दिया है । मौजपुर चौक और 66 फूटा रोड पर भी मौजूदा हालात सामान्य हैं।
हिंसा के बीच भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार(एनएसए) अजीत डोभाल सीलमपुर में सुरक्षा स्थिति का जायजा लेने पहुंचे थे। उन्होंने इलाके में मौजूदा हालात के बारे में पुलिस से जानकारी ली।
गृह मंत्रालय के सूत्रों ने जानकारी दी है कि गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस और गृह मंत्रालय के अधिकारियों के साथ लगभग 3 घंटे तक बैठक की। नवनियुक्त विशेष पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव भी बैठक में शामिल हुए। यह पिछले 24 घंटे से गृह मंत्री की अध्यक्षता में तीसरी बैठक थी।
डीसीपी उत्तर पूर्व दिल्ली ने जानकारी दी है कि अशोक विहार इलाके में एक मस्जिद को नुकसान पहुंचाने के बारे में कुछ गलत सूचना / समाचार प्रसारित किए गए हैं। यह स्पष्ट किया जाता है कि अशोक विहार के क्षेत्र में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है, कृपया कर झूठी जानकारी न फैलाएं।
दिल्ली में शूट एट साइट के आदेश बने रहेंगे। पहले इसके हटाए जाने की रिपोर्ट गलत थी।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कहा कि दिल्ली सरकार और शिक्षा निदेशालय के अनुरोध और छात्रों, कर्मचारियों और अभिभावकों को असुविधा से बचाने के लिए बोर्ड ने दिल्ली के उत्तर पूर्व भाग में 26 फरवरी के लिए कक्षा 10 और 12 की परीक्षा स्थगित करने का फैसला किया है।
गुरु तेग बहादुर अस्पताल के अधिकारियों ने अबतक हिंसा में 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है।
Guru Teg Bahadur (GTB) Hospital official: 13 deaths have been reported since yesterday
पुलिस ने उत्तर पूर्वी दिल्ली से गाजियाबाद की ओर जाने वाले सभी रास्तों को सील कर दिया है। अजय कुमार पांडे, डीएम ने बताया कि दिल्ली में हिंसा को ध्यान में रखते हुए हमने सीमाओं को सील कर दिया है। हमारे जिले में शांति है। हमने आसपास के इलाकों में शराब की सभी दुकानें बंद कर दी हैं।
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि हिंसा प्रभावित उत्तर पूर्व जिले में कल भी स्कूल बंद रहेंगे। सभी गृह परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से कल की बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित करने का अनुरोध किया गया है।
दिल्ली पुलिस ने जाफराबाद रोड से प्रदर्शनकारियों को हटा दिया है और जानकारी दी है कि उत्तर पूर्वी दिल्ली में शूट एट साइट के आदेश जारी नहीं किए गए है।
आईपीएस एसएन श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से दिल्ली पुलिस में विशेष आयुक्त (कानून और व्यवस्था) के रूप में नियुक्त किया गया है।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर, अमूल्य पटनायक ने दिल्ली की हिंसा पर कहा कि कुछ समाचार एजेंसियों ने खबर चलाई है कि दिल्ली पुलिस को गृह मंत्रालय से पर्याप्त बल नहीं मिला है, यह जानकारी गलत है। गृह मंत्रालय लगातार हमारा समर्थन कर रही है और हमारे पास पर्याप्त बल हैं। दिल्ली पुलिस इससे पूरी तरह इनकार करती है।
उन्होंने कहा कि उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पर्याप्त पुलिस बल, सीएपीएफ और वरिष्ठ अधिकारी उत्तर पूर्व जिले में तैनात हैं। जिले के कुछ इलाकों में धारा 144 लागू है।
दिल्ली के मौजपुर, जाफराबाद, चांदबाग, और करावल नगर इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया है, आज नागरिकता संशोधन अधिनियम के विरोध में लगातार तीसरे दिन हिंसा जारी रही। दिल्ली पुलिस के विशेष सीपी प्रवीर रंजन ने जानकारी दी है कि पूर्वोत्तर दिल्ली में हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया गया है।
दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल रतन लाल के शव दिल्ली के बुरारी इलाके में उनके आवास पर लाया गया। कल उत्तरी पूर्वी दिल्ली में नागरिकता संशोधन अधिनियम पर संघर्ष के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
भाजपा नेता कपिल मिश्रा के भाषण पर दिल्ली पुलिस पीआरओ एमएस रंधावा ने कहा कि यह जांच के अंतर्गत है, हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता स्थिति को नियंत्रित करना है जो हमने किया है। हम उन सभी एफआईआर की जांच करेंगे जो दर्ज की गई हैं और अगर कोई मुख्य साजिशकर्ता पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. सुनील कुमार, चिकित्सा अधीक्षक, गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल ने बताया कि दिल्ली हिंसा में पिछले 24 घंटों में जीटीबी अस्पताल में कुल 10 मौतें हुई हैं और 150 लोग घायल हुए हैं।
कांग्रेस नेता, रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि हम सभी से शांति बनाए रखने और दिल्ली में हिंसा के इस कृत्य की निंदा करने की अपील करते हैं। कुछ सांप्रदायिक शक्तियां, अपने राजनीतिक लाभ के लिए, धर्म का उपयोग करके मतभेद पैदा करने की दिशा में काम कर रही हैं। कांग्रेस का एक कार्यकर्ता राजधानी में शांति, कानून और व्यवस्था बनाए रखने में मदद करेगा।
दिल्ली के खजूरी खास में मंगलवार को तनाव बढ़ने के बाद रैपिड एक्शन फोर्स तैनात कर दी गई है। इसके साथ ही यहां धारा 144 लगा दी गई है। स्पेशल सीपी सतीश गोलचा ने बताया कि हम दंगाइयों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार करेंगे। लोगों को शांति बनाए रखने के लिए हमारे साथ सहयोग करना होगा। हम तब तक यहां रहेंगे जब तक कि हालात सामान्य नहीं हो जाते, वरना हम और सुरक्षाबलों की तैनाती करेंगे।
दिल्ली के खजूरी इलाके में पुलिस और उपद्रवियों के बीच आंख मिचौली का खेल चल रहा है।
सोमवार को दिल्ली के गोकुलपुरी में हुई हिंसा में मारे गए हेड कांस्टेबल रतन लाल को पुलिस के जवानों ने पूरे सम्मान के साथ उन्हें श्रद्धांजलि के साथ ही अंतिम विदाई दी।
दिल्ली के अम्बेडकर कॉलेज के पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को उपद्रवियों ने किया आग के हवाले। इस आग के चलते एक दर्जन से ज्यादा गाड़ियां जलकर खाक हो गई हैं।
मौजपुर में फिर से फायरिंग शुरू हो गई है। हालात बेकाबू हो रहे हैं।
दिल्ली हिंसा पर कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा है कि इससे ज्यादा शर्म की बात कुछ और नहीं हो सकती, जो था वो भी लुट गया। ये माना जाता था कि राजधानी सुरक्षित है लेकिन कल तो इन्होंने राजधानी भी आग के हवाले कर दी। जो मौजपुर, जाफराबाद, करावल नगर में हुआ वो पुलिस, आरएसएस और भाजपा ने कराया है।
करावल में भड़की हिंसा को देखते हुए करावल नगर जाने वाली दोनों तरफ की सड़क बंद कर दिया गया है। यहां पर किसी भी तरह का यातायात बाधित है।
खबर है कि ब्रिजपुरी के लोगों ने दिल्ली में बढ़ती हिंसा के चलते उनके इलाके में कोई अप्रिय घटना न हो इसके लिए शांति मार्च निकाला है।
दिल्ली के कई इलाकों के बाद अब बाबरपुर में फायरिंग की घटनाएं सामने आ रही हैं। यहां कई दुकानों को उपद्रवियों ने आग लगा दी। इसके बाद उपद्रवियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस को गोले दागे हैं।
फरीदाबाद शहर में हाई अलर्ट के बाद भी पुलिस द्वारा लगाए गए नाकों पर कोई सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं है।
दो समाचार चैनलों के पत्रकारों को बलवाइयों घायल कर दिया है। एक पत्रकार को गोली लगी है जबकि दूसरे का दांत तोड़ दिया गया है। जिसे गोली लगी है उसे जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भजनपुरा चौक पर आज फिर शुरू हुई दो गुटों के बीच पत्थरबाजी।
दिल्ली के करावल नगर में रहने वाले कासिम अली, आगजनी से परेशान होकर, अपने घर को बंद कर लोनी में रहने वाले अपने रिश्तेदार के घर जा रहे हैं।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हो रही हिंसा को लेकर पश्चिमी दिल्ली में अमन कमेटी की बैठक शुरू हो गई है। हिंसा के मद्देनजर दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली सहित राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में महत्वपूर्ण बैठक शुरू हो गई है। दिल्ली पुलिस के कमिश्नर द्वारा निर्देश दिया गया है कि सभी जिलों में अमन कमेटी सहित स्थानीय लोगों की बैठक की जाए और लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की जानकारी प्रदान की जाए। साउथ ईस्ट दिल्ली में जॉइंट कमिश्नर देवेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में हुई है अमन कमेटी की बैठक।
घोंडा इलाके में दोनों पक्षों के लोग राहगीरों को पकड़-पकड़ कर मार रहे हैं। साथ ही बलवाइयों ने एक बस में भी आग लगा दी।
मौजपुर में दोनों तरफ से पथराव जारी है। वहीं एक पक्ष लगातार गोलियां चला रहा है। मौजपुर में लोग छतों से गोलियां चला रहे हैं।
दिल्ली पुलिस ने हिंसा को देखते हुए विशेष सेल, अपराध शाखा और आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) के अधिकारियों के साथ उत्तर पूर्वी दिल्ली में अर्धसैनिक बलों की 35 कंपनियां तैनात की हैं। दिल्ली के विभिन्न जिलों से स्थानीय पुलिस को भी बुलाया गया है।
पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद गौतम गंभीर गोकुलपुरी हिंसा में घायल शहादरा डीसीपी अमित शर्मा से मिलने मैक्स हॉस्पिटल पहुंचे। डीसीपी के साथ ही मैक्स में एक हेड कांस्टेबल भर्ती है। घायलों और उनके परिजनों से मिलकर सांसद गौतम गंभीर ने उनका हालचाल जाना।
दिल्ली के कई इलाकों के बाद अब घोंडा में उपद्रवियों ने एक बस और कार में आग लगा दी है।
मौजपुर में सुबह हुई पत्थरबाजी के बाद मौजपूर में एक बार हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। यहां फायरिंग की कुछ घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
मंगलवार सुबह ब्रह्मपुरी, मौजपुर, कबीरनगर और करावल नगर में बवाल के बाद सुदामापुरी में पथराव शुरू हो गया है। मस्जिद के पास दो गुटों में पथराव शुरू हो गया है। हालात काफी बुरे हो गए हैं। गलियों में अफरा-तफरी का माहौल है।
गौतम गंभीर ने बड़ा देते हुए कहा कि वो चाहें कपिल मिश्रा हों या कोई और हो, चाहे वो किसी भी पार्टी का हो अगर किसी ने भड़काऊ भाषण दिया है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
आज सुबह टायर मार्केट में जो आग लगी थी उस पर अब तक काबू नहीं पाया जा सका है।
दिल्ली में हुई हिंसा को लेकर आज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुख्यमंत्री केजरीवाल, उपराज्यपाल अनिल बैजल और अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक शुरू हो चुकी है। इसमें पुलिस कमिश्नर अमूल्य पटनायक, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी, दिल्ली विधानसभा में नेता-प्रतिपक्ष रामबीर सिंह बिधूड़ी और अन्य मौजूद हैं।
मंगलवार को ब्रह्मपुरी, मौजपुर और करावल नगर में हिंसा के बाद अब कबीर नगर से भी पत्थरबाजी की घटनाएं सामने आ रही हैं।
सोमवार को दिल्ली के गोकुलपुरी में हुई हिंसा में हेड कांस्टेबल की मौत और डीसीपी शाहदरा के घायल होने के बाद मंगलवार को यहां की सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी गई है। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं।
दिल्ली हिंसा पर एनसीपी के नेता नवाब मलिक ने कहा- 2-3 महीने से सीएए-एनआरसी को लेकर प्रदर्शन, हिंसा हो रही है, पूरी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की है। सरकारी पक्ष के लोग भड़काऊ बयान देते हैं,गोली मारने की भाषा बोलते हैं। कपिल मिश्रा कहते हैं ट्रंप के जाने के बाद निपट लेंगे। इस तरह से लोकतंत्र में सरकारें काम नहीं करतीं।
दिल्ली में सीएए को लेकर हाल ही में हुई हिंसा के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग करते हुए पूर्व सीआईसी वजाहत हबीबुल्लाह व अन्य ने उच्चतम न्यायालय का रुख किया। वजाहत हबीबुल्लाह, अन्य ने उच्चतम न्यायालय से शाहीन बाग और शहर के अन्य हिस्सों में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निर्देश देने की मांग की है।उच्चतम न्यायालय ने कहा कि वजाहत हबीबुल्लाह और अन्य द्वारा दायर याचिका पर बुधवार को सुनवाई की जाएगी।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पहुंच रहे विधायक और अधिकारी। मुख्यमंत्री ने दिल्ली हिंसा को लेकर अधिकारियों और विधायकों की आपात बैठक बुलाई है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज दोपहर 12 बजे उपराज्यपाल अनिल बैजल, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई है।
दिल्ली के कई इलाकों में चल रही हिंसा के कारण एहतियातन पांच मेट्रो स्टेशन, जाफराबाद, मौजपुर-बाबरपुर, गोकुलपुरी, जौहरी एंक्लेव और शिव विहार बंद कर दिए हैं। ट्रेनों को वेलकम मेट्रो स्टेशन पर ही रोक दिया जा रहा है, इससे आगे कोई मेट्रो नहीं जा रही है।
ब्रह्मपुरी में आज सुबह हुई पथराव की घटना के बाद फ्लैग मार्च पर निकली रैपिड एक्शन फोर्स ने दो खोखे बरामद किए हैं।
करावल नगर के टायर मार्केट में आज सुबह 8.24 बजे आगजनी हुई लेकिन अब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंच सकी हैं क्योंकि उन्हें पुलिस ने सुरक्षा प्रदान नहीं की है। बता दें कि यहां आज सुबह दो-तीन गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया था।
केजरीवाल ने दिल्ली के कई हिस्सों में हो रही हिंसा को लेकर कहा कि, दिल्ली के कुछ इलाकों में फैली हिंसा को लेकर चिंतित हूं। हम सबको मिलकर शहर में अमन कायम करने के सभी कदम उठाने चाहिए। मैं सबसे दोबारा विनती करता हूं कि हिंसा मत करिए। मैं प्रभावित इलाकों के सभी विधायकों(हर पार्टी के विधायक) और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर रहा हूं।
शाहदरा डीसीपी अमित शर्मा जो सोमवार को गोकुलपुरी में हुई हिंसा में बुरी तरह घायल हो गए थे, उन्हें अब होश आ गया है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। बीती रात उनकी एक सर्जरी हुई थी और आज सुबह ही सीटी स्कैन किया गया है। अब वह सुरक्षित हैं और खतरे से बाहर हैं।
जानकारी है कि दिल्ली में मौजपुर और ब्रह्मपुरी के अलावा करावल नगर में भी आज तड़के कुछ प्रदर्शनकारियों ने दो-तीन गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया।
दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी है कि हालात बहुत तनावपूर्ण हैं। हमें लगातार उत्तर-पूर्वी दिल्ली के इलाकों से हिंसा से जुड़े फोन मिल रहे हैं। दिल्ली पुलिस के कमिश्नर ने इसे लेकर कल देर रात सीलमपुर डीसीपी के दफ्तर पर बैठक भी की।
उत्तरपूर्वी दिल्ली के फायर डायरेक्टर ने जानकारी दी है कि विभाग को सोमवार से लेकर मंगलवार सुबह तीन बजे तक कुल 45 फोन आ चुके थे। तीन दमकलकर्मी घायल हैं जबकि एक अग्निशमन वाहन को आग लगा दिया गया।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने सरकारी आवास पर हिंसा प्रभावित इलाकों के विधायकों और अधिकारियों की आपात बैठक बुलाई है।
उत्तरपूर्वी दिल्ली में हालात आज भी तनावपूर्ण है। आज सुबह ही ब्रह्मपुरी इलाके में पत्थरबाजी के बाद रैपिड एक्शन फोर्स और पुलिस ने फ्लैग मार्च किया।
दिल्ली के ब्रह्मपुरी और मौजपुर इलाके में तीसरे दिन भी पत्थरबाजी और हिंसक प्रदर्शन जारी है। आज सुबह ही कुछ इलाकों में उपद्रवियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी।