सुप्रीम कोर्ट के वकील अलख आलोक श्रीवास्तव ने दिल्ली पुलिस के पास एफआईआर के लिए शिकायत दर्ज कराई है और जल्द से जल्द नगरपालिका पार्षद ताहिर हुसैन की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
एमएस रंधावा, पीआरओ, दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी है कि पुलिस ने उत्तर पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा में अब तक 123 एफआईआर दर्ज की हैं, लगभग 630 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अब तक 25 एफआईआर हथियार के संबंध में दर्ज की गई हैं।
दीपक दहिया, पुलिसकर्मी जिनपर शाहरुख (मौजपुर में गोली चलाने वाला शख्स) ने बंदूक तानी थी। उन्होंने कहा कि मैंने उसे अपनी ओर भागते हुए देखा, मैंने अपनी छड़ी दिखाकर उसे डराने की कोशिश की। वह विचलित हो गया और सड़क की दूसरी तरफ एक राउंड गोली चलाई और वहां से भाग गया।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जिन लोगों के घर पूरी तरह से जल गए हैं या काफी हद तक जले हैं, उन्हें कल दोपहर से 25,000 रुपये की नकद राशि दी जाएगी। पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा 2-3 दिनों के भीतर शेष राशि का मूल्यांकन किया जाएगा और हम उन्हें उनकी शेष राशि जल्द दिलाने का प्रयास करेंगे।
दिल्ली अलपसंख्यक आयोग के अध्यक्ष डॉ. जफरूल इस्लाम ने दिल्ली हिंसा पर कहा कि दिल्ली सरकार ने भी जिम्मेदारी ठीक ढंग से नहीं निभाई है। भले ही सरकार ने मुआवजा दिया है, लेकिन वह बहुत कम है, मुआवजा दो गुना किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दंगों की जिम्मेदारी गृह मंत्री अमित शाह पर है। उन्हें तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। डॉ. जफरूल ने आगे कहा कि दंगा पूरी तरह नियोजित इसके लिए बाहर से लोग बुलाए गए थे। ये लोग अपने साथ भारी मात्रा हथियार और पत्थर लाए थे।
फॉरेंसिक टीम उस स्थान का निरीक्षण कर रही है, जहां इंटेलिजेंस ब्यूरो के अधिकारी अंकित शर्मा का शव 26 फरवरी को मिला था। उनका शव उत्तर पूर्व दिल्ली के चांद बाग इलाके में मिला था।
उत्तर पूर्वी दिल्ली में हिंसा के चलते इन इलाकों में पिछले दो तारीखों में सीबीएसई की परीक्षाएं नहीं हो पाई थीं। लेकिन 2 मार्च और उसके बाद होने वाली सभी परीक्षाएं अपने नियत समय व जगह पर ही होंगी। इसके लिए अदालत ने दिल्ली पुलिस को उपयुक्त व्यवस्था करने को कहा है।
हिंसा प्रभावित शिव विहार इलाके में गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी ने लोगों को खाना बांटा।
उपराज्यपाल अनिल बैजल के साथ 1 मार्च से दिल्ली के कमिश्नर पद की कमान संभालने वाले एसएन श्रीवास्तव भी हैं।
दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल पहुंचे हिंसा प्रभावित मौजपुर इलाके में पहुंचे हैं और लोगों से बातचीत कर रहे हैं।
कांग्रेस का एक पांच सदस्यीय दल उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरा करने वाला है। इस दल में मुकुल वासनिक, तारिक अनवर, सुष्मिता देव, शक्तिसिंह गोहिल और कुमारी शैलजा होंगी।
रवि शंकर प्रसाद से प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जब प्रवेश वर्मा, कपिल मिश्रा के बयानों के बारे में सवाल किया गया तो वह बोले कि हमने अपना रुख पहले ही स्पष्ट कर दिया है, हम ऐसे बयानों को मान्यता नहीं देते। साथ ही उन्होंने ताहिर हुसैन के बारे में पूछा तो बोले कि ताहिर और कपिल मिश्रा की बराबरी नहीं हो सकती। ताहिर हुसैन हत्या के आरोपी हैं।
जीटीबी अस्पताल में 28 मृत अस्पताल लाए गए थे, जिसमें से 12 की पहचान नहीं हो सकी है और 16 लोगों को पहचान लिया गया है। बताया जा रहा है 28 में से चार लोगों की मौत कैसे हुई ये पता नहीं चल सका है, जबकि 5 लोगों की मौत जलने से हुई है। वहीं 3 की चाकू घोपकर हत्या की गई है। बुरी तरह से पीटकर 8 लोगों की मौत हुई है, वहीं फायरआर्म से 7 लोगों की मौत हुई है। चाकू और गोली लगने से 1 की मौत हुई है।
दिल्ली हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 42 हो गई है। कल तक यह संख्या 38 थी, लेकिन आज पांच और मौतों के बाद यह आंकड़ा 42 पहुंच गया है।
कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह हिंसा के 69 घंटों बाद जागे और दिल्ली में शांति बनाए रखने की अपील की। उन्हें ये पहले करना चाहिए था। लेकिन अमित शाह ने ऐसी कोई अपील की ही नहीं। गृहमंत्री को हिंसा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करना चाहिए था।
लोनी में आई ब्लैक कैट कमांडो की फोर्स। लोनी बॉर्डर पर दिल्ली हिंसा के बाद से ही कड़ा पहरा है और इसे सील कर दिया गया है।
दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल आज हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे।
आम आदमी पार्टी से निलंबित पार्षद ताहिर हुसैन के घर एसआईटी की एक टीम पहुंची है। वह यहां जांच कर सबूत जुटाएगी। गौरतलब है कि ताहिर का नाम आईबी इंस्पेक्टर की हत्या के केस में आरोपी के रूप में है और दंगा भड़काने में भी उनकी भूमिका संदिग्ध पाई गई है।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने हिंसाग्रस्त जाफराबाद इलाके का दौरा किया और वहां की महिलाओं से मिलीं। उनका कहना है कि अभी यहां कुछ तनाव है लेकिन पूरा वातावरण शांतिपूर्ण है। मैं कल फिर आऊंगी।
उच्च न्यायालय ने कथित रूप से नफरत फैलाने वाले भाषण के मामले में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने के अनुरोध वाली याचिका पर केंद्र, दिल्ली सरकार और पुलिस को नोटिस जारी किया।
उच्च न्यायालय ने कथित रूप से नफरत फैलाने वाले भाषणों को लेकर असदुद्दीन, अकबरुद्दीन ओवैसी और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग वाली याचिकाओं पर केंद्र, दिल्ली सरकार और पुलिस से जवाब मांगा।
दिल्ली हाईकोर्ट ने उत्तरपूर्व दिल्ली में हुई हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों का पता लगाने के लिए यूएपीए के तहत जांच कराने के अनुरोध संबंधी याचिका पर केंद्र, दिल्ली सरकार से जवाब मांगा।
दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल में मरने वालों की संख्या 35 होने के साथ ही कुल मृतकों की संख्या 39 हो गई है।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा अपनी टीम के साथ दिल्ली के हिंसाग्रस्त इलाके का दौरा करेंगी।
जुमे की नमाज को देखते हुए पुलिस ने हिंसाग्रस्त इलाकों में धारा 144 में चार घंटे की ढील दी है, जिससे लोगों को सहुलियत हो सके। वहीं दिल्ली पुलिस के ज्वाइंट कमिश्नर ओपी मिश्रा ने चांद बाग में कहा कि दुकानों के खुलने का मतलब है कि अब हालात सामान्य हो रहे हैं। इस इलाके में कल से ही ऐसा माहौल है। हमारा फोकस इसी बात पर है कि जो लोग यहां रह रहे हैं उनकी जिंदगी पटरी पर आए। उन्होंने आगे कहा कि लोगों को अपनी गंगा-जमुनी तहजीब को दोबारा जिंदा करना चाहिए। हमने यहां अमन कमेटी की बैठकें की हैं। साथ ही लोग सही तरीके से मस्जिद में नमाज अदा कर सकें इसका भी इंतजाम किया है।
आप सांसद संजय सिंह ने भड़काऊ भाषण के लिए कपिल मिश्रा, अनुराग ठाकुर और प्रवेश वर्मा पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। संजय सिंह ने ट्वीट किया, 'दिल्ली जल गई 38 लोगों की जान चली गई दुकान मकान जलाए गए हाईकोर्ट सुप्रीम कोर्ट ने कहा 'भड़काऊ बयान देने वाले कपिल मिश्रा प्रवेश वर्मा अनुराग ठाकुर पर एफआईआर करो, भाजपा और केंद्र सरकार पूरी बेशर्मी के साथ दंगा भड़काने वालों के साथ खाड़ी है कब होगी इन दंगाईयों पर एफआईआर?'
दिल्ली हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 38 हो चुकी है। वहीं हिंसाग्रस्त इलाकों में अब हालात सामान्य हो रहे हैं, हालांकि इन क्षेत्रों में अब भी भारी संख्या में पुलिस बल तैनात हैं। इन्होंने सुबह-सुबह कई इलाकों में फ्लैग मार्च किया। वहीं दिल्ली से सटे सभी बॉर्डर आज भी सील हैं।