दिल्ली विश्वविद्यालय परास्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षा की तैयारी को लेकर गरीब बच्चों को मुफ्त कोचिंग देगा। कोचिंग में छात्रों को अंग्रेजी, लॉ, गणित, फिजिक्स और जूलॉजी विषय पढ़ाया जाएगा। यह मुफ्त कोचिंग क्लासेज दो सप्ताह तक के लिए होगी।
यह अगामी सात जून से शुरू होगी। सुबह दस बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगी। कोचिंग का लाभ उठाने के लिए छात्रों को आवेदन करना होगा। डीयू ने इसे डीयू प्री एंट्रेस एग्जाम समर स्कूल 2017 का नाम दिया है।
इसके लिए बुधवार से आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इच्छुक छात्र डीयू की वेबसाइट पर जाकर फॉर्म डाउन लोड कर सकते है। उसे भरकर डीयू के नॉर्थ कैंपस खालसा कॉलेज के सामने बने आईएलएलएल सेंटर में जमा करना होगा।
फॉर्म 31 मई से लेकर पांच जून शाम पांच बजे तक जमा कराया जा सकता है। आवेदन के समय आवेदक से 100 रुपये की रजिस्ट्रेशन चार्ज लिया जाएगा। इसमें सिर्फ आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र, एससी, एसटी, ओबीसी (नॉन क्रीमी लेयर), अल्पसंख्यक और दिव्यांग वर्ग के छात्र शामिल हो सकते हैं।
हालांकि सभी आवेदकों को इसमें शामिल नहीं किया जाएगा। क्योंकि सीटें लिमिटेड हैं चयनित छात्रों की सूची जारी की जाएगी। संभवत: अंग्रेजी, लॉ की क्लासेज 7 जून से, गणित, फिजिक्स और जूलॉजी की क्लासेज 9 जून से शुरू होगी।