फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डूसू चुनाव के लिए मतदान खत्म, गिरफ्तार हुए NSUI के ज्वाइंट सेक्रेटरी पद के उम्मीदवार

Thu, 12 Sep 2019 11:35 AM IST
Prachi Priyam न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
मतदान के लिए अपनी बारी का इंतजार करती छात्राएं और बाएं एनएसयूआई के ज्वाइंट सेक्रेटरी पद के उम्मीदवार अभिषेक चपराना हुए गिरफ्तार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू ) चुनाव 2019-20 के लिए कई दिनों से प्रचार में पसीना बहा रहे प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला गुरुवार को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में बंद हो जाएगा। शुक्रवार  दोपहर 12 बजे मतगणना के बाद नतीजे जारी कर दिए जाएंगे। इस बार डूसू के दंगल में 16 प्रत्याशी किस्मत अजमा रहे हैं। इनके भविष्य का फैसला 1 लाख 44 हजार मतदाता करेंगे। चुनाव के लिए कुल 576 ईवीएम से वोटिंग होगी। प्रशासन ने मतदान के लिए 52 पोलिंग केंद्र बनाए हैं।

विज्ञापन


डूसू मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. अशोक प्रसाद के अनुसार, चुनाव के लिए सुबह की पाली के कॉलेजों में सुबह 8:30 से दोपहर 1:00 बजे तक व शाम की पाली वाले कॉलेजों में दोपहर 3:00 से शाम 7:00 बजे तक होगी। इस बार मतदाताओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। बीते साल 1 लाख 35 हजार वोटर थे, जो इस साल बढ़कर 1 लाख 44 हजार हो गए हैं। इस बार कॉलेज यूनियन के चुनाव के लिए 137 ईवीएम की व्यवस्था की गई हैं। मतदान के बाद ईवीएम सील कर दी जाएंगी। 

ईवीएम के इस्तेमाल में कोई परेशानी न हो इसके लिए सभी कॉलेजों के चुनाव अधिकारियों और प्राचार्यों को पहले ही मशीन इस्तेमाल करने का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। प्रशासन की ओर से पहले ही कॉलेजों को निर्देशित किया जा चुका था कि वह प्रत्याशियों की मार्कशीट का सत्यापन ऑनलाइन या फोरेंसिक एजेंसी से कराएं।

दिनभर के अपडेट्स-

- कैंपस और कॉलेजों में सुबह के वक्त भीड़ कम रही। माना जा रहा है कि 11 बजे के बाद भीड़ बढ़ सकती है।
विज्ञापन

- वोटिंग के लिए कॉलेज आईडी देखकर ही अंदर जाने दिया जा रहा है।
- एनएसयूआई ज्वाइंट सेक्रेटरी पद के उम्मीदवार अभिषेक चपराना को दयाल सिंह कॉलेज के बूथ तक जाने की अनुमति नहीं मिली। एनएसयूआई का आरोप है कि अभिषेक को अवैध तरीके से हिरासत में ले लिया गया है और उन्हें पोलिंग सेंटर पर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
- बता दें कि पोलिंग सेंटर पर और बूथ के अंदर मतदान के समय सिर्फ कॉलेज के छात्र जा सकते हैं। अगर किसी बाहरी शख्स को साथ ले जाने की कोशिश की जाए तो उसकी अनुमति नहीं दी जाती है।


पुलिस का भारी बंदोबस्त रहेगा

चुनाव शांतिपूर्वक कराने के लिए सभी कॉलेजों के मतदान केंद्रों पर पुलिस का भारी बंदोबस्त किया गया है। प्रशासन के विशेष दस्तों की चुनाव पर नजर रहेगी। लोकल पुलिस के अलावा पुलिस की अतिरिक्त कंपनियों को भी तैनात किया गया है। सोमवार को भी कैंपस में पुलिस की तैनाती रही।

चुनाव पर पर्यवेक्षक टीमें रखेंगी नजर

डूसू चुनाव पर सीसीटीवी कैमरे निगरानी रखी जाएगी और पूरे चुनाव की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। प्रशासन ने चुनाव को लेकर पर्यवेक्षक भी बनाए हैं। यह सभी हर कॉलेज में जाकर निगरानी रखते रहेंगे।

यह हैं एबीवीपी, एनएसयूआई व आइसा के उम्मीदवार

एबीवीपी

अध्यक्ष : अक्षित दहिया
शैक्षिक योग्यता : रामजस कॉलेज से बीएससी फिजिकल साइंस प्रोग्राम में स्नातक की पढ़ाई की है। अब लॉ फैकल्टी से एलएलबी कर रहे हैं। अक्षित मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले हैं।

उपाध्यक्ष : प्रदीप तंवर
शैक्षिक योग्यता : यह दिल्ली के फतेहपुरी बेरी के निवासी हैं। डीयू के पीजीडीएवी कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की है। अभी देशबंधु कॉलेज से एमए-हिंदी की पढ़ाई कर रहे हैं।

सचिव : योगित राठी
शैक्षिक योग्यता : इन्होंने डीयू के रामजस कॉलेज से 2017 में इतिहास-ऑनर्स की पढ़ाई की है। वर्तमान में वह डीयू के लॉ फैकल्टी से एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। मूल रूप से बागपत जिले के बिजवाड़ा गांव के रहने वाले हैं।

संयुक्त सचिव : शिवांगी खरवाल
शैक्षिक योग्यता : श्यामा प्रसाद मुखर्जी से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। अब एमए बुद्धिस्ट स्टडीज में पहले वर्ष की पढ़ाई कर रही हैं। वह दिल्ली के विष्णु गार्डन के चांद नगर में रहती हैं।

एनएसयूआई
अध्यक्ष : चेतना त्यागी
शैक्षिक योग्यता : वह शहीद भगत सिंह कॉलेज से बीए प्रोग्राम की तीसरे वर्ष की छात्रा हैं।

उपाध्यक्ष : अंकित भारती
शैक्षिक योग्यता : डीयू के गुरु नानक देव खालसा कॉलेज के देव नगर से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। अब वह बुद्धिस्ट स्टडीज विभाग से एमए की पढ़ाई कर रहे हैं।

सचिव : आशीष लांबा
शैक्षणिक योग्यता : मूल रूप से राजस्थान के चुरू जिले के रहने वाले आशीष लांबा ने किरोड़ीमल कॉलेज से बीकॉम में स्नातक की पढ़ाई की है। वह वर्तमान में लॉ फैकल्टी में अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं।

संयुक्त सचिव : अभिषेक चपराना
शैक्षणिक योग्यता : वह फरीदाबाद के रहने वाले हैं। शहीद भगत सिंह कॉलेज से बीए कर चुके हैं और वर्तमान में एमए-बुद्धिस्ट की पढ़ाई कर रहे हैं।
विज्ञापन

आइसा
अध्यक्ष : दामिनी कैन
शैक्षिक योग्यता : यह दिल्ली के टैगोर गार्डन में परिवार के साथ रहती हैं। मूल रुप से गाजियाबाद जिले के निंधावली के एक गांव की रहने वाली हैं। जीसस एंड मैरी कॉलेज से पॉलिटिकल साइंस-ऑनर्स की पढ़ाई की है। अब हिंदू कॉलेज से एमए कर रही हैं।

उपाध्यक्ष : आफताब आलम
शैक्षिक योग्यता : मूल रूप से लखनऊ के रहने वाले हैं। देशबंधु कॉलेज से बीए प्रोग्राम की डिग्री लेने के बाद वर्तमान में  बुद्धिस्ट स्टडीज विभाग से एमए की पढ़ाई कर रहे हैं।

सचिव : विकास कुमार
शैक्षिक योग्यता : बिहार के आरा जिले के रहने वाले हैं। दयाल सिंह कॉलेज से बीए-ऑनर्स हिंदी करने के बाद अब हंसराज कॉलेज से हिंदी में एमए कर रहे हैं।

संयुक्त सचिव : चेतना
शैक्षिक योग्यता : राजस्थान के सिरोही जिले के मोरथला गांव रहने वाली हैं। चेतना ने इसी वर्ष मिरांडा हाउस कॉलेज में राजनीति शास्त्र-ऑनर्स में दाखिला लिया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें