पुलिस के मुताबिक, अर्जुन सिंह एयर इंडिया में पायलट हैं और सेक्टर-67 में एम3एम के मर्लिन ड्राइव सोसाइटी के टावर-9 की 16वीं मंजिल पर रहते हैं। उन्होंने अपने चार वर्ष के बेटे व पत्नी की देखभाल के लिए एजेंसी के जरिये 20 दिन पहले मूलरूप से बरेली (उत्तर प्रदेश) निवासी बिडन (19) को बतौर सहायिका अपने घर पर रखा था।
वह घर में रसोई के पास बने कमरे में रहती थी। मंगलवार शाम को बिडन ने अपने भाई से फोन पर बात की। इसके बाद वह अपने कमरे की बालकनी से नीचे कूद गई। परिवार ने जब किसी कार्य के लिए बिडन को आवाज लगाई, तो कोई आवाज नहीं आई।
इस पर वह कमरे में गए तो पाया कि बालकनी का गेट खुला है। नीचे देखा तो काफी भीड़ लगी हुई थी। अभी वह कुछ समझ पाते कि उन्हें सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि बिडन नीचे गिर गई और उसकी मौत हो गई है।
इस पर अर्जुन ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर बुधवार को पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
सहायक उप निरीक्षक रोहताश ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का कुछ पता नहीं लगा है। मृतका के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मृतका को मानसिक तनाव होने की बात भी सामने नहीं आई है। मामले को प्रेम प्रसंग के कोण से जांचा जा रहा है।