दिल्ली विश्वविद्यालय ने स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए अंतिम व तीसरी सूची मंगलवार शाम को जारी कर दी। इस सूची में सात हजार से अधिक खाली सीटों के लिए 11, 656 सीटों का आवंटन किया गया। इस सूची के बाद डीयू में दाखिले की राह पहले से ज्यादा मुश्किल हो जाएगी। चूंकि यह दाखिले का आखिरी राउंड है, लिहाजा इसके बाद भी सीटें खाली रहने पर स्पॉट राउंड आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए अलग से शेड्यूल जारी किया जाएगा।
मंगलवार शाम को जारी की गई तीसरी सूची के तहत 11,656 छात्रों को सीट आवंटित की गई है। इनमें से 6104 छात्र ऐसे हैं जिन्हें अपने अपग्रेडेड विकल्प वाली सीट मिली है। पहले राउंड के बाद 28,889 छात्रों ने पसंद का कॉलेज व कोर्स नहीं मिलने पर अपनी सीट के लिए अपग्रेड के विकल्प का चयन किया था। जबकि अपनी सीट से संतुष्ट होकर 34, 642 छात्र अपनी सीट को फ्रीज कर चुके हैं। वहीं, 16,860 ने अपने पहले वाले आवंटन को बनाए रखा है।
छात्र स्वीकारने लगे हैं सीट
डीयू दाखिला डीन प्रो. हनीत गांधी के अनुसार इस सूची के तहत ईसीए (एक्सट्रा करिकुलर एक्टिविटी) स्पोर्ट्स व सीडब्ल्यू (सशस्त्र बलों) की श्रेणी के तहत भी सीटों को आवंटन किया गया है। स्पोर्ट्स कोटे के दाखिले के तहत 1544, ईसीए के लिए 886, व सीडब्लयू श्रेणी के लिए 3117 सीट आवंटित की गई है। सीट आवंटित होते ही छात्रों ने सीटों को स्वीकार करना भी शुरु कर दिया।
सीट स्वीकार नहीं करने पर सिस्टम से हो जाएंगे बाहर
तीसरी सूची में भी जिन छात्रों को सीट आवंटित की गई है या जिनकी अपग्रेड की गई है, उन्हें उसे स्वीकार करना जरूरी होगा। यदि सीट को स्वीकार नहीं करते तो वह सिस्टम से बाहर हो जाएंगे। छात्रों को 22 अगस्त से 24 अगस्त तक सीट को स्वीकार करना होगा। स्पॉट राउंड के बाद कितनी सीटें खाली बचेंगी इसका पता फीस भुगतान की अंतिम तिथि 26 अगस्त के बाद चल सकेगा। इस सूची में साइंस कोर्सेज व विभिन्न श्रेणियों के लिए सीटें खाली हैं। प्रशासन मान कर चल रहा है कि इस सूची के दाखिलों के बाद भी साइंस व विभिन्न श्रेणी की सीटें ही खाली रह सकती हैं।