या
सब्सक्रिप्शन लें, अतिरिक्त 4 महीने फ्री {{/show_subscribe}}दिल्ली-एनसीआर की हवा में प्रदूषण का जहर केवल पराली जलाने और दिवाली के पटाखों से नहीं घुल रहा है। इस बार सर्दियों की शुरुआत ही पिछले तीन वर्षों के मुकाबले अधिक प्रदूषित रही। दिवाली से पहले के सप्ताह में दिल्ली का औसत पीएम2.5 स्तर 236 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। यह 2025 की समान अवधि के मुकाबले करीब दोगुना और 2024 की तुलना में लगभग एक तिहाई अधिक था। सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (सीएसई) की ताजा रिपोर्ट ने प्रदूषण नियंत्रण के मौजूदा तरीकों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, पराली और पटाखे प्रदूषण बढ़ाने वाले कारक जरूर हैं, लेकिन दिल्ली की बिगड़ती हवा के पीछे सालभर जारी रहने वाला उत्सर्जन और पड़ोसी जिलों से आने वाला प्रदूषण भी बड़ी वजह है।
प्रदूषण के ये आंकड़े बताते हैं कि दिल्ली की हवा सुधारने के लिए केवल वाहनों पर नियंत्रण करना काफी नहीं होगा। पटाखों के इस्तेमाल, कूड़ा और लकड़ी जलाने पर रोक के साथ दूसरे प्रदूषण स्रोतों पर भी ध्यान देना होगा। तभी राजधानी के लोगों को जहरीली हवा से राहत मिल सकेगी। -संजय मिश्रा, पर्यावरणविद
प्रदूषण के स्थानीय स्रोत भी हवा को बन रहे जहरीला
दिल्ली की हवा खराब होने के लिए केवल पराली के धुएं को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। दिल्ली के भीतर मौजूद प्रदूषण के स्रोत भी हवा को जहरीला बनाने में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। वाहनों से निकलने वाला धुआं, कूड़ा जलाना, सड़क की धूल, निर्माण कार्य और उद्योगों से होने वाला प्रदूषण लोगों की सांसों पर भारी पड़ रहा है। बुधवार को एक दिन की हल्की राहत के बाद फिर प्रदूषण बढ़ा। ऐसे में हवा बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। साथ ही, बयार की गति कम होने से आसमान में स्मॉग की चादर छाई नजर आई। रात में यह स्थिति और बिगड़ गई। ऐसे में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 313 दर्ज किया गया। यह मंगलवार की तुलना में 14 सूचकांक अधिक है।
भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के अनुसार, बुधवार को औसतन 15 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से हवा पश्चिम दिशा की ओर से चली। वहीं, बृहस्पतिवार को हवा उत्तर-पश्चिम से 10 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से चलन का अनुमान है। साथ ही, शुक्रवार को हवा दक्षिण दिशा से चल सकती है। इस दौरान हवा की गति 10 किमी प्रतिघंटा रहने के आसार है। वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का अनुमान है कि शनिवार तक हवा बेहद खराब श्रेणी में बने रहने की आशंका है। सीपीसबी के अनुसार, हवा में मौजूद हानिकारक पीएम-2.5 कणों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बुधवार को शाम पांच बजे पीएम-2.5 139.7 और पीएम-10 232.7 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया, जो मानकों से कई गुना ज्यादा है।
पीएम-2.5 को रोकने की योजना बेहतर हो
पर्यावरणविद वरुण ने बताया कि हम राजधानी में ही प्रदूषण रोकने के कदम उठा रहे हैं। जैसे प्रशासनिक सीमा होती है, प्रदूषण भी अपनी एक सीमा बनाता है। वह कहां से आ रहा है, कितनी दूर तक आएगा। इस पर काम करने की जरूरत है। अभी बड़े पैमाने पर पीएम-10 को रोकने की कवायद है। पीएम-2.5 को रोकने की योजना बेहतर नहीं है।
हवा, पानी और मिट्टी में छिपे माइक्रोप्लास्टिक का पता लगाएंगे तीन सरकारी संस्थान
प्लास्टिक का बढ़ता इस्तेमाल अब केवल जमीन और पानी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके बेहद छोटे कण हवा में भी मौजूद हैं। इन कणों को माइक्रोप्लास्टिक कहा जाता है। अब इनकी मौजूदगी का पता लगाने के लिए तीन सरकारी संस्थानों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) को यह जानकारी दी है। सीपीसीबी की रिपोर्ट के अनुसार, सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सीआईपीईटी) मीठे पानी और मिट्टी में माइक्रोप्लास्टिक की जांच की प्रक्रिया तैयार करेगा। वहीं, नेशनल सेंटर फॉर सस्टेनेबल कोस्टल मैनेजमेंट (एनसीएससीएम) समुद्री पानी, समुद्र तट की मिट्टी, कीचड़ और जलीय जीवों में इसकी मौजूदगी का पता लगाने के लिए काम करेगा। जबकि सीएसआईआर-नीरी को हवा में मौजूद माइक्रोप्लास्टिक की जांच की जिम्मेदारी दी गई है।
दरअसल, अगस्त 2024 में नमक और चीनी के अलग-अलग ब्रांडों में माइक्रोप्लास्टिक मिलने से जुड़ी एक रिपोर्ट सामने आई थी। इसके बाद एनजीटी ने मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए सीपीसीबी से जवाब मांगा था। यह मामला मानव रक्त में माइक्रोप्लास्टिक की मौजूदगी से जुड़ी याचिका के साथ भी जोड़ दिया गया। सीपीसीबी के अधिकारी ने बताया कि माइक्रोप्लास्टिक की जांच के लिए अभी देशभर में एक जैसी प्रक्रिया उपलब्ध नहीं है। भारतीय मानक ब्यूरो ने इस संबंध में एक मानक जारी किया है, लेकिन उसमें अलग-अलग माध्यमों से नमूने लेने और उनकी जांच करने की पूरी जानकारी नहीं है।
बोर्ड के अनुसार, तीनों संस्थानों से जांच की प्रक्रिया तैयार करने के लिए प्रस्ताव मांगे गए हैं। इसके बाद विशेषज्ञों की समिति इनका मूल्यांकन करेगी। पूरी प्रक्रिया विकसित करने और उसे अंतिम रूप देने में करीब 12 महीने का समय लग सकता है। इस काम का खर्च सीपीसीबी के पर्यावरण मुआवजा कोष से उठाया जाएगा। एनजीटी ने सीपीसीबी को अगली प्रगति रिपोर्ट पेश करने के लिए आठ सप्ताह का समय दिया है। मामले की अगली सुनवाई 4 फरवरी 2027 को होगी।