फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली: स्वच्छता सर्वेक्षण में एनडीएमसी को मिला दूसरा स्थान, सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए बढ़ाया मशीनीकरण

Thu, 12 Nov 2026 12:58 AM IST
दुष्यंत शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

बुधवार को विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एनडीएमसी को पुरस्कृत किया।
विज्ञापन
एनडीएमसी मुख्यालय - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

स्वच्छता के मामले में नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने 50 हजार से तीन लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में दूसरा स्थान पाया है। बीते साल इसी आबादी वर्ग में एनडीएमसी को सुपर स्वच्छ लीग सिटी अवॉर्ड मिला था। इस बार परिषद ने सीधे देश के दूसरे सबसे स्वच्छ शहर के रूप में अपनी जगह बनाई। बुधवार को विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एनडीएमसी को पुरस्कृत किया।

विज्ञापन


केंद्र सरकार के प्रमुख कार्यालयों, विदेशी दूतावासों और महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों के अलावा कनॉट प्लेस, खान मार्केट, जनपथ और सरोजिनी नगर जैसे बड़े व्यावसायिक बाजार भी एनडीएमसी के क्षेत्र में आते हैं। इंडिया गेट और कर्तव्य पथ जैसे प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग पहुंचते हैं। ऐसे में नियमित सफाई, कचरा उठाने और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखना परिषद के सामने बड़ी चुनौती है।

परिषद के अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी ने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रात में सफाई, मशीनीकृत सड़क सफाई, कचरा उठाने और सड़कों की धुलाई पर विशेष जोर दिया गया है। साथ ही कचरे के पृथक्करण, पुनर्चक्रण और स्थानीय स्तर पर जैविक कचरे के प्रसंस्करण की व्यवस्था मजबूत हुई है। एनडीएमसी क्षेत्र में हर रोज करीब 300 टन नगरपालिका ठोस कचरा निकलता है। इसके प्रबंधन के लिए परिषद की कुल प्रसंस्करण क्षमता 509 टन प्रतिदिन है।
विज्ञापन


सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए बढ़ाया मशीनीकरण
स्वच्छता रैंकिंग में बेहतर स्थान हासिल करने के लिए नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) अपने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को केवल नियमित झाड़ू लगाने और कचरा उठाने तक सीमित नहीं रख रही है। सड़कों की मशीनीकृत सफाई से लेकर सार्वजनिक शौचालयों की निगरानी, कचरे के पृथक्करण और उसके पुनर्चक्रण तक कई स्तरों पर काम किया जा रहा है। परिषद ने सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के साथ विशेष दस्ते भी बनाए हैं।

सड़कों पर दिन के समय यातायात और लोगों की आवाजाही अधिक रहने के कारण परिषद ने रात में सफाई व्यवस्था को मजबूत किया है। इसके लिए 11 मैकेनिकल रोड स्वीपर, 20 गॉबलर मशीनों और विशेष जेटिंग उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इन मशीनों के जरिये सड़कों की धूल और कचरा हटाने के साथ प्रेशर जेट मशीनों से धुलाई भी की जाती है। मशीनीकरण का उद्देश्य सफाई कार्य तेज करने के साथ बड़े मार्गों और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई सुनिश्चित करना है।

14 विभागाध्यक्षों को सौंपी निगरानी की जिम्मेदारी
बियॉन्ड ऑफिस सर्किल पहल के तहत एनडीएमसी ने अपने 14 विभागाध्यक्षों को अलग-अलग सर्किल का नोडल अधिकारी बनाया है। सफाई व्यवस्था पर नजर रखने के लिए तीन विशेष दस्ते भी गठित किए गए हैं। परिषद ने 346 सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई और रखरखाव की निगरानी के लिए नेतृत्व कार्यक्रम शुरू किया है। इसके तहत संबंधित अधिकारियों को इन सुविधाओं की स्थिति पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी गई है।

कचरे के निस्तारण के लिए आठ केंद्र
एनडीएमसी क्षेत्र में प्रतिदिन करीब 300 टन ठोस कचरा निकलता है, जबकि परिषद की प्रसंस्करण क्षमता 509 टन प्रतिदिन है। कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में बांटने और उसके पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने के लिए आठ माइक्रो मटीरियल रिकवरी सुविधाएं और आरआरआर केंद्र स्थापित किए गए हैं। नौ आवासीय कॉलोनियों में ''अनुपम कॉलोनी'' पहल के तहत घरों से ही कचरे का पृथक्करण, जैविक कचरे का स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण और उपयोगी सामग्री का पुनर्चक्रण किया जा रहा है।

बाजारों को कचरा मुक्त बनाने की पहल
बाजारों में सफाई बनाए रखने के लिए गार्बेज फ्री मार्केट पहल और लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने के लिए प्रेरित करने के वास्ते रोको-टोको अभियान चलाया जा रहा है। नागरिक सफाई संबंधी शिकायतें एनडीएमसी 311 एप और टोल फ्री नंबर 1533 पर दर्ज करा सकते हैं।
विज्ञापन

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें