दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मसौदा मतदाता सूची से बाहर हुए लोगों के पास नाम दोबारा जुड़वाने का बुधवार को अंतिम मौका है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, फॉर्म-6 के जरिये आवेदन करने की समयसीमा 25 नवंबर को समाप्त हो जाएगी। ऐसे में पात्र मतदाताओं को आज ही आवेदन करना होगा।
विज्ञापन
एसआईआर से पहले दिल्ली की मतदाता सूची में करीब 1.45 करोड़ नाम दर्ज थे। 31 अगस्त को प्रकाशित मसौदा सूची में लगभग 97.5 लाख मतदाताओं के नाम शामिल किए गए। इस तरह करीब 47.56 लाख नाम सूची से बाहर हो गए। इनमें अनुपस्थित, स्थायी रूप से स्थानांतरित, मृत और दोहरे पंजीकरण वाले मतदाताओं को एएसडीडी श्रेणी में रखा गया था। हालांकि, मसौदा सूची से नाम हटने का मतलब मतदान का अधिकार समाप्त होना नहीं है। पात्र मतदाता निर्धारित प्रक्रिया से नाम जुड़वा सकते हैं।
ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन की सुविधा
मतदाता फॉर्म-6 के माध्यम से voters.eci.gov.in पोर्टल और ECINET एप पर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा ईआरओ, एईआरओ या बीएलओ के पास भी फॉर्म जमा कराया जा सकता है। निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक, दावे और आपत्तियों का निस्तारण 15 दिसंबर तक होगा। अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर को जारी की जाएगी। एक अक्तूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी आवेदन कर सकते हैं। वहीं, एएसडीडी श्रेणी के मतदाता 30 नवंबर तक वर्तमान निवास क्षेत्र में गणना प्रपत्र जमा करा सकते हैं।