दिल्ली पुलिस ने मंगलवार सुबह राजधानी स्थित वायु भवन के पास से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि ये तीनों लॉकडाउन नियमों का पालन न करने के लिए गिरफ्तार किए गए हैं। सूत्रों का कहना है कि ये तीनों ही किसान और दिल्ली से होते हुए सिंघु बॉर्डर जा रहे थे, जहां बीते छह महीने से किसान प्रदर्शन कर रहे हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीन किसानों को सोमवार को मध्य दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। उनके पास लॉकडाउन में आने-जाने के लिए आवश्यक कर्फ्यू पास नहीं थे। तीनों किसान पंजाब के रहने वाले हैं।
उनके अनुसार, किसानों ने पुलिस को बताया कि वे मध्य दिल्ली में स्थित बंगला साहिब गुरुद्वारा में प्रार्थना करने के लिए आए थे और पिछले दो दिन से वहीं रुके हुए थे। अधिकारी के अनुसार, किसानों ने कहा कि वे सिंघु बार्डर की ओर जा रहे थे, लेकिन उनका उद्देश्य कृषि कानूनों के खिलाफ मध्य दिल्ली में प्रदर्शन करना नहीं था।