राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने के लिए यहां हो रही खास तैयारी, 50 बड़े नेता शामिल
Sun, 03 Dec 2017 09:42 AM IST
विजय सिंघल/अमर उजाला, नई दिल्ली
सार
पूर्व सांसद, पूर्व मंत्री, पूर्व व एवं वर्तमान अध्यक्ष बनेंगे प्रस्तावक व अनुमोदक
राहुल गांधी की उम्मीदवारी के लिए प्रदेश कांग्रेस ने तैयार किए पांच सैट
- पूर्व सांसद, पूर्व मंत्री, पूर्व व एवं वर्तमान अध्यक्ष बनेंगे प्रस्तावक व अनुमोदक
- पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के एआईसीसी से प्रस्ताव बनने की संभावना
- कांग्रेस नेताओं में जबरदस्त उत्साह
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस ने पूरी तैयारी कर ली है। प्रदेश कांग्रेस ने राहुल के नामांकन के लिए पांच सेट तैयार किए है और आगामी चार दिसंबर को पार्टी मुख्यालय में उनको जमा किया जाएगा।
विज्ञापन
राहुल की उम्मीदवारी के लिए दिल्ली से कुल 50 वरिष्ठ नेता प्रस्तावक व अनुमोदक बनेगें जिनमें पूर्व सांसद, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक शामिल है। वहीं प्रदेश कांग्रेस से बतौर डेलीगेटस चुने गए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह दिल्ली की अपेक्षा एआईसीसी से राहुल की उम्मीदवारी के लिए प्रस्तावक बनेगे।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस पहला ऐसा राज्य है जहां से सबसे पहले राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने के लिए प्रस्ताव पास किया गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार राहुल गांधी के बतौर अध्यक्ष नामांकन करवाने के लिए दिल्ली प्रदेश कांग्रेस की ओर से नामांकन के लिए पांच सैट तैयार किए गए है।
विज्ञापन
50 वरिष्ठ नेता देंगे अपनी सहमति
राहुल गांधी
हर सैट में पांच वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रस्ताव व अनुमोदन करेंगे। यानि कुल 50 वरिष्ठ नेता नामांकन के लिए अपनी सहमति देंगे। सूत्रों के अनुसार दिल्ली से पूर्व सांसदों में कपिल सिब्बल, जगदीश टाइटलर, सज्जन कुमार, रमेश कुमार, महाबल मिश्रा, संदीप दीक्षित व जय प्रकाश अग्रवाल शामिल है।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष में अजय माकन, चौधरी प्रेम सिंह व ताजदार बाबर है। इसी प्रकार पूर्व मंत्रियों में डा. एके वालिया, डा. किरण वालिया, डा. योगानंद शास्त्री, राज कुमार चौहान व डा. नरेन्द्र नाथ, हारूण युसूफ है, वहीं राज्यसभा सांसद परवेश हाशमी के अलावा प्रदेश डेलीगेडस चुने गए तीन से पांच बार विधायक रहे नेता थी शामिल है।
इन सबसे अलग एआईसीसी सचिव देवेन्द्र यादव व तरूण कुमार भी अनुमोदन करने वालों में शामिल है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह हाल ही में दिल्ली प्रदेश से डेलीगेटस चुने गए थे लेकिन वे राहुल गांधी की उम्मीदवारी के लिए दिल्ली प्रदेश की अपेक्षा एआईसीसी की ओर से प्रस्तावक बन सकते है।
उधर राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने की तैयारियों में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं में जबरदस्त उत्साह है और वह किसी न किसी तरह प्रस्तावक व अनुमोदन करने वालों की लिस्ट में शामिल होने के लिए हाथ पैर मार रहे है।
पार्टी कार्यालय में इस सिलसिले में कई से नेताओं का जमावडा लगा रहता है। विधानसभा चुनावों में हार के बाद पहली बार इतने नेता कार्यालय में दिखाई दिए। प्रदेश कार्यालय में इसे लेकर जोर-शोर से तैयारियां चल रही है और नामांकन के लिए सैट तैयार कर लिए गए है।