मस्जिद के बाहर लाउडस्पीकर लगाने के मामले में बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम के आपत्ति जताए जाने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी खूब आलोचना हुई। पश्चिम बंगाल के एक मौलवी ने सोनू के खिलाफ फतवा तक जारी कर दिया।
लेकिन, दिल्ली के फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम डॉ. मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने संबंधित मस्जिद के लोगों से लाउडस्पीकर कम करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस्लाम में पड़ोसी को सबसे ऊपर बताया गया है। अगर पड़ोसी को लाउडस्पीकर से परेशानी है, तो उसकी आवाज को कम किया जाना चाहिए।
डॉ. मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने सोनू निगम के ट्वीट को लेकर कहा यह भी कहा कि वो मशहूर हैं। शायद इस तरह की बातों से वो लोगों का समर्थन हासिल करना चाहते हों। इमाम ने सोनू निगम को बर्दाश्त करने की नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि हम एक धर्मनिरपेक्ष देश में रहते हैं। अगर किसी को किसी धार्मिक व्यवस्था से थोड़ी तकलीफ होती है, तो कुछ तो बर्दाश्त करना चाहिए।
इमाम ने कहा कि कई बार मस्जिद के बाहर धार्मिक जुलूस और माता की चौकी तक लगाई जाती है, लेकिन हमने कोई आपत्ति नहीं दर्ज कराई। शाही इमाम ने कहा कि मजहब में सबसे पहले पड़ोसी का ध्यान रखने को कहा गया है, चाहे वह किसी भी धर्म का हो। अजान देते समय ख्याल रखा जाता है कि इससे बीमार और छात्र समेत किसी को परेशानी न हो।