दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच एक ऐसा पुलिस स्टेशन शुरु करने जा रही है जो दिखाई तो नहीं पड़ेगा लेकिन, हर समय आपकी मदद के लिए खुला रहेगा।
इस पुलिस स्टेशन तक पहुंचने के लिए आपको मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर की जरूरत पड़ेगी। असल में यह एक वर्चुअल पुलिस स्टेशन होगा जहां ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कराई जा सकती है। इसे ई-एफआईआर कहा जाएगा।
गौरतलब है कि यहां पर केवल वाहनों के चोरी की ही शिकायत की जा सकेगी। असल में दिल्ली पुलिस जल्द ही अपना पहला ई-पुलिस स्टेशन खोलने जा रही है जो खास तौर पर गाड़ियों की चोरी की शिकायतों का निपटारा करेगा। इस कदम का मकसद गाड़ियों के चोरी के रिकॉर्ड को ऑनलाइन उपलब्ध कराना है।
एक साथ देश के हर हिस्से में पहुंचेगी शिकायत
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच इस वर्चुअल पुलिस स्टेशन की नोडल एजेंसी होगी जो यहां आने वाली शिकायतों पर कार्यवाही करेगी।
टीओआई के मुताबिक क्राइम ब्रांच के सीनियर पुलिस ऑफिसर को इस प्रोजेक्ट पर लगाया है। शिकायतकर्ता द्वारा यहां अपनी शिकायत और उससे संबंधित जानकारी देने के बाद जल्द ही उसकी एफआईआर ऑनलाइन दर्ज हो जाएगी।
किसी को भी अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए इस ऐप को डाउनलोड करना होगा। यह शिकायतकर्ता को वन टाइम पासवर्ड देगा जिससे उसकी वैधता की जांच हो सके। एफआईआर दर्ज होते ही उसकी एक कॉपी ई-मेल के जरिए शिकायतकर्ता को पहुंच जाएगी।
शिकायतकर्ता के साथ ही एफआईआर की कॉपी अपने आप ही पीसीआर और संबंधित थाने के एसएचओ को भी पहुंच जाएगी। इसके साथ ही यह ई-फआईआर दिल्ली के सभी एसएचओ और देश के सभी जिला पुलिस अधीक्षक के पास भी पहुंच जाएगी। ताकि जांच में उनकी मदद ली जा सके।
इंश्योरेंस क्लेम में भी मिलेगी मदद
यह उन लोगों के लिए राहत की बात है जिनकी गाड़ियां खो जाने के बाद आजतक नहीं मिल सकी हैं। ऐसे में उन्हें इंश्योरेंस क्लेम के लिए भी काफी मुसीबत उठानी पड़ती है।
एक रिपोर्ट के अनुसार केवल दिल्ली में ही रोजाना औसतन 60 गाड़ियां चोरी होती हैं। पिछले छह महीने में दिल्ली पुलिस के पास 10,500 गाड़ियों के चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है। हालांकि अब तक कुल 71,500 रिपोर्ट दर्ज किए जा चुके हैं।
एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक यदि यह प्रोजेक्ट कामयाब होता है तो अन्य अपराधों के लिए भी ऐसी ऑनलाइन एफआईआर की व्यवस्था की जा सकती है।