अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की भारत यात्रा के चलते दक्षिणी दिल्ली के लोगों को लावारिस पशुओं से निजात मिलने की उम्मीद है।
दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने सोमवार को अपने इलाके में एयरपोर्ट से लेकर धौलाकुआं और अन्य पर्यटक स्थलों के आसपास ऐसे पशुओं को पकड़ने का फैसला किया है। नगर निगम मंगलवार से अभियान शुरू करेगा।
सदन के नेता राधेश्याम शर्मा ने स्थायी समिति की बैठक में सोमवार को सड़कों पर लावारिस पशु घूमने का मुद्दा उठाया। इस संबंध में उन्होंने फोटो भी पेश किए। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति के दौरे के समय भी अगर ऐसे ही पशु घूमते नजर आए तो देश की छवि धूमिल होगी।
तभी विपक्ष के नेता फरहाद सूरी ने कहा कि नगर निगम इलाके की तीन गौशालाओं को चारे के लिए प्रतिमाह करीब पांच लाख रुपये देती है।
इसके बावजूद लावारिस पशुओं से निजात नहीं मिल रही है। दोनों पार्षदों के तर्क सुनने के बाद समिति के अध्यक्ष सुभाष आर्य ने अधिकारियों को पशुओं को पकड़ने का आदेश दिया।