दिल्ली में रिटायर उपसचिव की बेटी ने दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया तो पति व सास गायब हो गए। ससुर ने दोनों के गायब होने की शिकायत दर्ज कराई। दिल्ली पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव ने मामले की जांच नई दिल्ली जिले के स्पेशल स्टाफ को सौंपी।
स्पेशल स्टाफ ने पति व सास को अहमदाबाद, गुजरात से बरामद कर लिया। गिरफ्तार कर दोनों को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने दोनों को जमानत पर रिहा कर दिया। नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार निर्माण भवन से उपसचिव के पद से रिटायर हुए अधिकारी की बेटी ने पति विनित, सास अनिता, ससुर विजय व ननद के खिलाफ दहेज के प्रताड़ित करने आदि का मामला दर्ज कराया।
बेटी देवी पंडारा रोड में रहती थी और तिलक मार्ग थाने में मार्च, 2018 में मामला दर्ज कराया था। इसके बाद सितंबर, 2018 में ही ससुर विजय ने सरिता विहार थाने में अपनी पत्नी अनिता व बेटा विनित के गायब होने का मामला सरिता विहार थाने में मामला दर्ज कराया। अपने मामले में कार्रवाई को लेकर देवी माता-पिता के साथ दिल्ली पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव से मिली।
दिल्ली पुलिस आयुक्त ने मामले की जांच तिलक मार्ग थाने से लेकर स्पेशल स्टाफ को सौंपी। स्पेशल स्टाफ की टीम ने अनिता व विनित को अहमदाबाद से ढूंढा निकाला। तिलक मार्ग थाना पुलिस ने दोनों को दहेज प्रताडना के केस में गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि पुलिस से बचने के लिए ससुर ने जानबूझकर गुमशुदगी की रिपोर्ट सरिता विहार थाने में कराई थी। दूसरी तरफ इस मामले में तिलक मार्ग थाना पुलिस अधिकारियों पर लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं करने पर गाज गिर सकती है। हालांकि इस मामले में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है।