केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार मौसमी दशाएं अनुकूल होने से मंगलवार को प्रदूषण स्तर में मामूली सुधार हुआ, लेकिन स्थिति बेहद गंभीर बनी रही। बुधवार को हवाओं का रुख उत्तर-पश्चिम से बदलकर दक्षिण-पूर्व होने की उम्मीद है। इससे प्रदूषण स्तर में कुछ और सुधार होगा। हालांकि, स्थिति बेहद खराब ही बनी रहेगी। मंगवार को खिली हल्की धूप से दिन में प्रदूषण स्तर में सुधार हुआ।
बोर्ड के अनुसार मंगलवार को दिल्ली में प्रदूषण सूचकांक 407 दर्ज किया गया। जो सोमवार के मुकाबले 27 सूचकांक कम रहा। वहीं, एनसीआर के बहादुरगढ़ (247), बल्लभगढ़ (221), गाजियाबाद (362), गुरुग्राम (348), चरखी दादरी में (297) प्रदूषण सूचकांक दिल्ली से कम बेहद खराब व खराब श्रेणी में दर्ज किया गया।
सफर का पूर्वानुमान है कि अगले तीन दिनों तक दक्षिण-पूर्वी दिशा से 14 किमी की गति तक हवाएं चल सकती हैं। वहीं बारिश की उम्मीद भी बन रही है। जिससे प्रदूषण स्तर में राहत की उम्मीद है।
भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक मौसमी दशाओं के अनुकूल होने के कारण प्रदूषण का स्तर में सुधार दर्ज हुई। मंगलवार को दिल्ली में उत्तर-पश्चिम दिशा से 10 से आठ किमी की गति से हवाएं चली। वहीं तापमान कम होने के कारण मंगलवार को मिक्सिंग हाइट 700 मीटर पर रहा। वेंटिलेशन इंडेक्स भी औसत से कम रहा।