न्यू अशोक नगर इलाके में रविवार देर रात चेकिंग के दौरान वैगनआर कार सवार ने सिपाही को कार से कुचलने का प्रयास किया। जान बचाने के लिए सिपाही प्रवीण (29) कार के बोनट पर लटक गया। आरोपी ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और करीब 300 मीटर तक सिपाही को घसीटकर ले गया।
कार के सामने ऑटो आने के कारण कार की रफ्तार धीमी होने पर सिपाही ने एक ओर कूदकर अपनी जान बचाई। आरोपी मौके से फरार हो गया। वारदात में प्रवीण जख्मी हो गया। उसने खुद मामले की सूचना थाने में दी।
फौरन प्रवीन को एलबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। प्रवीण की शिकायत पर सरकारी काम में बाधा और हमला करने का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।